महुआडांड़ : महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम चटकपुर क्षेत्र से गत 25 दिसंबर रात से गायब हुई अंशु माला कुजूर (22 वर्ष) का शव उसके घर के बगल में ही स्थित एक कुंए में एक जनवरी को की शाम तैरता देखा गया. सुबह इसकी जानकारी महुआडांड़ थाना को दिया गया. सूचना मिलने के बाद अनुमंडलीय पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश तिवारी व थाना प्रभारी सुरेश मुंडा दल- बल घटना स्थल पहुंचे और शव को बरामद किया. शव को बड़े पत्थर से बांध कर डाला गया था. शव निर्वस्त्र था और चेहरा बुरी तरह से कुचल दिया गया था.
आशंका जतायी जा रही है उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गयी और साक्ष्य छुपाने के लिए कुंए में फेक दिया गया. शव को लातेहार अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया है. परिजनों ने बताया कि वह 25 दिसंबर क्रिसमस की छुट्टी मनाने एक वर्ष बाद रांची से अपने गांव आई थी. ज्ञात हो कि इसके पूर्व उसके पिता रिल्डाल कुजूर (शिक्षक) की भी हत्या एक साल पूर्व मनिका में कर दिया गया था. जबकि मां का भी पूर्व में देहांत हो गया है. उसके घर में उसका बड़ा भाई व एक छोटी बहन है.
