पारा शिक्षकों की बैठक आयोजित
लातेहार : झारखंड राज्य सहयोगी/शिक्षा मित्र/पारा शिक्षक संघ, लातेहार की एक बैठक प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद कुमार पांडेय के अंबाकोठी स्थित आवासीय परिसर में जिला अध्यक्ष अतुल कुमार की अध्यक्षता में हुई.
बैठक में प्रखंडवार सदस्यता अभियान की समीक्षा की गयी और 29 दिसंबर को संगठन के प्रदेश चुनाव पर विचार विमर्श किया गया. बैठक में संगठन मंत्री श्री पांडेय ने जिले के सभी पारा शिक्षकों को एकजुट हो कर उक्त चुनाव को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पारा शिक्षकों की मांगों को पूरा करने के लिए सरकार पर एकजुट हो कर दबाव बनाना होगा. जिला अध्यक्ष श्री कुमार ने कहा कि सरकार अभी तक पारा शिक्षकों के साथ न्याय नहीं कर पायी है. आज भी पूरे प्रदेश में पारा शिक्षक आर्थिक संकटों का सामना कर शिक्षा की ज्योति जला रहे हैं. कई जिलों में आवंटन के अभाव में पारा शिक्षकों को मानदेय नहीं मिल पा रहा है. बैठक में कहा गया कि अगर क्षेत्र के विधायक व सांसद पारा शिक्षकों की मांगों पर पूरा कराने की दिशा में पहल नहीं करेंगे तो आगामी चुनावों में उनके खिलाफ पारा शिक्षक काम करेंगे.
बैठक में अभिनव मिश्रा, अनूप कुमार, अरविंद कुमार, पवन यादव, बेलाल अहमद, गोविंदा कुमार, समोधी यादव, सत्यनारायण ठाकुर, उमेश साहु, उमेश प्रसाद, हसन राजा, मिथिलेश यादव, सुनील सिंह, एस यादव, ओमप्रकाश, प्रमोद यादव, विजय यादव, उमेश यादव, दिलीप प्रसाद, निर्मल यादव आदि उपस्थित थे.
