मनिका (लातेहार) : पुलिस और जेजेएमपी के उग्रवादियों के बीच थाना क्षेत्र के बरवैया कुमरही जंगल में सोमवार सुबह करीब पौने नौ बजे मुठभेड़ हुई. पुलिस की गोली से घायल उग्रवादी चिंतामन गंझू (25 वर्ष) समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
चिंतामन चतरा जिले के जोरी थाना क्षेत्र के बांदुडीह गांव का रहनेवाला है. एसपी धनंजय कुमार सिंह ने मनिका थाना में प्रेस वार्ता कर मामले कि जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उग्रवादियों के बरवैया जंगल में होने की सूचना मिली. रविवार देर रात से पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी. इसी क्रम में सोमवार सुबह उग्रवादियों से मुठभेड़ हो गयी. उन्होंने कहा कि घायल उग्रवादी चिंतामन संतरी ड्यूटी पर था.
उसके दाहिने हाथ में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने एक गिरफ्तार उग्रवादी का नाम नहीं बताया है. मुठभेड़स्थल से लोडेड एसएलआर राइफल, पिट्ठू, जेजेएमपी का लेटरपैड, डायरी व कई पत्र बरामद किये गये हैं. डायरी में कई सफेदपोशों और सहयोगियों का नाम लिखा है.
