कुड़ू / चंदवा : लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित सिसकरिया मोड़ के पास एनएच-75 पर कार और ट्रक में टक्कर हो गयी. घटना में मेदिनीनगर के एसपी कोठी रोड आबादगंज निवासी कामेश्वर प्रसाद सिंह, उनके पुत्र असरेश कुमार सिंह और पत्नी मुलुक राज देवी की मौत हो गयी. घटना सोमवार दोपहर की है. घटना में असरेश कुमार सिंह की पत्नी शीला देवी घायल हो गयी.
कुड़ू सामुदायिक केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया है. कामेश्वर प्रसाद सिंह शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थे. बताया जाता है कि अपने परिवार के साथ कार (जेएच 10 एइ 2573) से मेदिनीनगर से रांची जा रहे थे. इस बीच कुड़ू की ओर से आ रहे ट्रक (जेएच 19 बी 0226 ) की सिसकरिया में मोड़ के पास कार से सीधी टक्कर हो गयी.
घटना में कार के परखचे उड़ गये. कामेश्वर प्रसाद सिंह, असरेश कुमार सिंह और मुलुक राज देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. सूचना मिलने के बाद चंदवा थाना प्रभारी कमलेश्वर पांडेय, कुड़ू थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू मौके पर पहुंचे. शवों को वाहन से निकाल चंदवा थाना ले गये. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है.
