कोडरमा: तिलैया थाना पुलिस ने बाइक की नयी बैटरियां चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गयी एक्साइड कंपनी की 14 नयी बाइक की बैटरियां बरामद की हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलैया बस्ती निवासी 18 वर्षीय सुमित कुमार (पिता किशुन राम) तथा 25 वर्षीय रोहित कुमार (पिता अशोक वर्णवाल) के रूप में हुई है.
दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, तिलैया थाना में एक अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया गया था. सामांतो पंप के सामने रहने वाले राजकुमार भदानी ने प्राथमिकी में कहा था कि उनकी दुकान में कार्यरत कर्मचारी सुमित कुमार ने दुकान से बाइक की नयी बैटरियां चोरी कर ली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया.
टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुमित कुमार और उसके सहयोगी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गयी एक्साइड कंपनी की 14 नयी बैटरियां बरामद कर ली.
छापामारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह, तिलैया थाना के पैंथर आरक्षी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
