जिले भर में शान से फहराया गया तिरंगा

इस दौरान हर तरफ देश भक्ति का नजारा दिखा.

कोडरमा. 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले भर में आन, बान व शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. इस दौरान हर तरफ देश भक्ति का नजारा दिखा. विभिन्न शैक्षणिक-गैर शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों, बैंकों व अन्य जगहों पर तिरंगा फहराने के बाद सलामी दी गयी. साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया. जिला का मुख्य समारोह बागीटांड़ स्टेडियम में हुआ. यहां मुख्य अतिथि डीसी ऋतुराज ने झंडोत्तालन किया. डीसी के साथ ही एसपी अनुदीप सिंह, डीएफओ सौमित्र शुक्ला व अन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने तिरंगे को सलामी दी. इससे पहले डीसी ने परेड का निरीक्षण किया. मौके पर डीसी ने जिला प्रशासन की उपलब्धियां गिनायीं. कहा कि कोडरमा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है. खासकर शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं. आयुष्मान कार्ड बनाने व योजना के तहत उपचार में कोडरमा जिला राज्य में दूसरे स्थान पर है. जिले में आधुनिक मॉड्यूलर ओटी में पांच हजार से अधिक सफल ऑपरेशन किये गये हैं तथा अल्ट्रासाउंड, लैप्रोस्कोपी एवं लेजर सर्जरी जैसी उन्नत सेवाएं शुरू की गयी हैं. शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड सरकार के विभिन्न सूचकांकों एवं प्रोजेक्ट रेल, इंपैक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन में अगस्त, सितंबर व दिसंबर 2025 में कोडरमा ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. अन्य क्षेत्र में भी कोडरमा का बेहतर प्रदर्शन है. मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, एसडीओ ओमप्रकाश मंडल, डीएफओ (सामाजिक वानिकी) रौशन कुमार, डीटीओ विजय कुमार सोनी व अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे. इससे पहले डीसी व अन्य अधिकारियों ने कोडरमा बाजार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया. साथ ही शहीद स्मारक पहुंचकर सभी वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी. बेहतर कार्य करने वाले व झारखंड आंदोलनकारी सम्मानित मुख्य समारोह के दौरान डीसी-एसपी, डीएफओ के अलावा मौजूद जिप अध्यक्ष रामधन यादव, डीडीसी रवि जैन आदि ने स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों व झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया. साथ ही कार्यालय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. आकर्षक झांकियों ने मोहा मन गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न संस्थाओं व विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गयीं. इनमें जिला ग्रामीण विकास शाखा एवं जेएसएलपीएस द्वारा ग्रामीण विकास विभाग की समेकित क्रियान्वित योजनाओं पर आधारित झांकी को प्रथम स्थान मिला, जबकि वन प्रमंडल विभाग द्वारा हमार हाथी 2.0 एप की विशेषता को दर्शाता झांकी को दूसरा तथा समग्र शिक्षा अभियान कोडरमा द्वारा शिक्षा के बढ़ते कदम को लेकर प्रस्तुत झांकी को तीसरा स्थान मिला. मार्च पास्ट व बैंड ने खींचा ध्यान समारोह के दौरान पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया गया. इसमें जिला पुलिस बल कोडरमा महिला प्लाटून को प्रथम, जिला पुलिस बल कोडरमा की प्रथम प्लाटून को द्वितीय व जिला पुलिस बल कोडरमा की द्वितीय प्लाटून को तीसरा स्थान मिला. बैंड ग्रुप में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोडरमा को प्रथम, सेक्रेट हार्ट स्कूल झुमरीतिलैया को द्वितीय व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जयनगर को तृतीय स्थान मिला. कहां किसने फहराया झंडा मुख्य समारोह स्थल के अलावा उपायुक्त आवास व समाहरणालय भवन में डीसी ऋतुराज ने झंडोत्तोलन किया. वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय व पुलिस लाइन चंदवारा में एसपी अनुदीप सिंह, वन प्रमंडल कार्यालय में डीएफओ सौमित्र शुक्ला, जिला परिषद कार्यालय में जिप अध्यक्ष रामधन यादव, उप विकास आयुक्त कार्यालय में डीडीसी रवि जैन, अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ ओमप्रकाश मंडल, सदर अस्पताल में सीएस डॉ अनिल कुमार, नगर परिषद कार्यालय झुमरीतिलैया व झंडा चौक पर नगर प्रशासक अंकित गुप्ता, नगर पंचायत कार्यालय कोडरमा में प्रशासक शंभु प्रसाद कुश्वाहा, तिलैया थाना में इंस्पेक्टर विनय कुमार, कोडरमा थाना में इंस्पेक्टर विकास पासवान, आरपीएफ कोडरमा में इंस्पेक्टर दीपक कुमार, कोडरमा प्रखंड कार्यालय में प्रमुख सुषमा देवी ने झंडोत्तोलन किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >