रेल यात्रियों के गुम मोबाइल की होगी तुरंत तलाश

रेल यात्रियों के गुम हुए या चोरी हुए मोबाइल फोन को जल्द खोजने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दूरसंचार विभाग के साथ हाथ मिलाया है़

झुमरीतिलैया. रेल यात्रियों के गुम हुए या चोरी हुए मोबाइल फोन को जल्द खोजने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दूरसंचार विभाग के साथ हाथ मिलाया है़ अब ट्रेन या रेलवे परिसर में गुम हुए मोबाइल को खोजने की प्रक्रिया और तेज होगी़ सेंट्रल उपकरण पहचान पंजीकरण (सीइआइआर) मंच के जरिए यात्रियों को उनके मोबाइल फोन वापस मिलने की संभावना अधिक रहेगी़ अगर किसी यात्री का मोबाइल गुम हो जाता है तो वह रेल मदद सेवा या 139 नंबर पर कॉल कर इसकी रिपोर्ट दर्ज कर सकता है. इसके अलावा अगर कोई एफआइआर दर्ज नहीं कराना चाहता तो वह सीइआइआर पोर्टल पर शिकायत कर सकता है़ रेलवे सुरक्षा बल की साइबर शाखा सीइआइआर मंच पर शिकायत दर्ज करेगी और मोबाइल का आइएमइआइ नंबर ब्लॉक कर दिया जायेगा़ अगर कोई नयी सिम डालकर उसका इस्तेमाल करता है तो उसे ट्रैक कर निकटतम रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर जमा करने का निर्देश दिया जायेगा़

मोबाइल मालिक को ऐसे मिलेगा फोन

बताया जाता है कि अगर कोई यात्री अपने गुम हुए मोबाइल को वापस पाना चाहता है तो उसे अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. सही पहचान साबित होने पर रेलवे सुरक्षा बल मोबाइल लौटा देगा़ वहीं अगर किसी व्यक्ति को चोरी या गुम हुए मोबाइल का गलत इस्तेमाल करते हुए पाया जाता है तो एफआइआर दर्ज कर जिला पुलिस को मामला सौंपा जायेगा़ रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक मनोज यादव ने बताया है कि यह योजना रेलवे सुरक्षा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है़ हम डिजिटल तकनीक का उपयोग कर यात्रियों को उनके गुम हुए मोबाइल वापस दिलाने का प्रभावी और पारदर्शी तंत्र विकसित कर रहे हैं. इससे यात्रियों का विश्वास और भी मजबूत होगा़ रेलवे सुरक्षा बल पहले से ही यात्रियों की गुम हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए ऑपरेशन अमानत चला रहा है़ जनवरी 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरपीएफ ने 84.03 करोड़ रुपये मूल्य की खोई हुई वस्तुओं को यात्रियों को लौटाया़ अब सीइआइआर मंच के जरिये मोबाइल फोन की रिकवरी और भी तेज होगी़ मई 2024 में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे में इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया था़ यह इतना सफल रहा कि अब इसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है़ इस पहल से मोबाइल चोरी पर लगाम लगेगी और यात्रियों को गुम हुए फोन मिलने की उम्मीद बढ़ेगी़

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRAVEEN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >