झुमरीतिलैया. भारत विकास परिषद, झुमरीतिलैया शाखा की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को स्थानीय सीडी गर्ल्स प्लस टू स्कूल में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया. दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में विद्यालय के पीजीटी (कॉमर्स) आशीष कुमार श्रीवास्तव और प्रभारी प्रधानाचार्य शशि भूषण सिंह का चयन कर सम्मान किया गया. दोनों शिक्षकों को श्रीफल, आम का पौधा, ‘भारत को जानो’ पुस्तक और कलम भेंट की गयी. भारत विकास परिषद के वरिष्ठ सदस्य नारायण सिंह, कुंज बिहारी त्रिवेदी और उत्तर झारखंड प्रांत के उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश राणा ने उन्हें सम्मानित किया.
वहीं विद्यालय की उत्कृष्ट और अनुशासित छात्राओं में कक्षा 12वीं विज्ञान की अन्नदीता कुमारी और कक्षा 10वीं की आस्था शरण का चयन कर अभिनंदन किया गया. दोनों छात्राओं को फलदार पौधा, ‘भारत को जानो’ पुस्तक और कलम भेंट की गयी. शाखा सचिव विमल कुमार पच्चीसिया और कोषाध्यक्ष छोटेलाल पांडे ने छात्राओं को सम्मानित किया. इस दौरान उपस्थित छात्राओं के बीच टॉफियां भी वितरित की गयीं.
विद्यालय परिसर में लगाये गये 11 फलदार पौधे
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित विद्यालय का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में 11 फलदार पौधे लगाये गये. परिषद के सदस्यों और विद्यालय परिवार ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया.
मौके पर परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं, जबकि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं. गुरुजनों का सम्मान और प्रतिभावान व अनुशासित विद्यार्थियों का प्रोत्साहन समाज में संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना को मजबूत करता है. कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव विमल कुमार पच्चीसिया ने किया.
