कोडरमा. मॉडर्न पब्लिक स्कूल झुमरीतिलैया में बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पोक्सो अधिनियम पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम, टॉक शो और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की समझ, अनजान लोगों से सावधान रहने और असहज स्थिति में अपनी बात विश्वसनीय बड़ों के साथ साझा करने की जानकारी दी गयी. बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया.
नुक्कड़ नाटक से बच्चों को बताया अधिकार
छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया. नाटक के जरिये संदेश दिया गया कि यदि बच्चों को किसी तरह की असुरक्षित स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे बिना डर के तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी दें.
बच्चों की सुरक्षा विद्यालय की पहली जिम्मेदारी
विद्यालय के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा विद्यालय की पहली जिम्मेदारी है. पोक्सो कानून के प्रति बच्चों और अभिभावकों का जागरूक होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि बच्चा सुरक्षित रहेगा, तभी उसका भविष्य सुरक्षित रहेगा.
निदेशिका संगीता शर्मा ने कहा कि अच्छे विद्यालय की पहचान केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं होती, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और संस्कारों से भी होती है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ खुलकर संवाद करें और उन्हें हर परिस्थिति में सहयोग का भरोसा दें.
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका कोमल घोष ने किया.
