झुमरीतिलैया शहर में दिन भर में मुश्किल से एक घंटे रही बिजली झुमरीतिलैया. जिले में बुधवार रात व गुरुवार की दोपहर अचानक बदले मौसम ने जहां भीषण गर्मी से राहत दिलायी, वहीं आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गयी. तेज हवा के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में कई जगह पेड़ की टहनियां गिर गयीं, जिससे बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गये. नतीजा पूरे शहर में बिजली आपूर्ति दिनभर बाधित रही. बिजली गुल रहने से आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा. बाजारों में दिनभर अंधेरा पसरा रहा, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. वहीं, घरों में भी लोगों को उमस और अंधेरे के बीच कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. कुछ देर के आंधी-तूफान के कारण सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ. इधर, जिले के ग्रामीण इलाकों में भी बिजली व्यवस्था का बुरा हाल रहा. शहर में जहां गुरुवार को मुश्किल से एक घंटे भी बिजली नहीं रही, वहीं चंदवारा प्रखंड में पिछले 25 घंटे से ब्लैक आउट की स्थिति है. विभागीय जानकारी के अनुसार, चंदवारा में केबुल खराब होने की वजह से समस्या आयी, जिसे ठीक कर लिया गया, पर बाद में डीवीसी के ब्रेकर में खराबी आ गयी. इस वजह से बिजली सप्लाई प्रभावित है. देर रात इसे सामान्य करने की बात कही जा रही थी. जल्द आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता रंधीर कुमार ने बताया कि आंधी-बारिश की वजह से कई जगहों पर पेड़ की टहनियां तार पर गिर गयी हैं, तो कुछ जगहों पर अन्य समस्या की वजह से कई फीडर प्रभावित हुए हैं. अलग-अलग टीमों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है. उन्होंने बताया कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है. इइ के अनुसार, सबसे ज्यादा समस्या डोइयांडीह में आयी. यहां तूफान की वजह से एक साथ 15 पोल का तार गिर गया, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है. देर रात सभी इलाकों में बिजली सामान्य हो जायेगी़
आंधी-बारिश से तबाही, जिले भर में बिजली संकट
झुमरीतिलैया शहर में दिन भर में मुश्किल से एक घंटे रही बिजली
