: जनगणना को लेकर डीसी ने की प्रेस वार्ता कोडरमा बाजार. जनगणना कार्य जिले में दो चरणों में किया जायेगा. प्रथम चरण की जनगणना एक मई से शुरू होगी, जो 15 मई तक चलेगी. आम नागरिकों की सुविधा को लेकर पहली बार स्व गणना की व्यवस्था की गयी है. इसके तहत जिलेवासी स्वयं स्व गणना कर सकेंगे. इसके लिये विशेष पोर्टल एक से 15 मई तक खुला रहेगा. यह जानकारी गुरुवार को प्रेसवार्ता के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने दी. उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में एक मई से शुरू हो रहे स्व गणना में जिलेवासी स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड कर सकेंगे. इस चरण में पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों में से प्रश्न चार से 33 तक का उत्तर स्वयं पोर्टल पर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर तथा ओटीपी सत्यापन के माध्यम से कर सकते हैं. जानकारी सबमीट करने के उपरांत एक एसएमएस के माध्यम से एसई आइडी प्राप्त होगा, जिसे संबंधित क्षेत्र के प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा. वहीं जनगणना का दूसरा चरण 16 मई से शुरू होगा, जो 14 जून तक चलेगा. इस कार्य के लिए जिले में 270 पर्यवेक्षक और 1539 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसके अलावा जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को मिलाकर कुल नौ चार्ज बनाये गये हैं. संबंधित प्रखंडों के बीडीओ और शहरी क्षेत्र के नगर प्रशासकों को चार्ज अधिकारी नामित किया गया है. दूसरे चरण में होने वाले जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक घर घर जाकर लोगों की गणना के साथ अन्य कार्यों को करेंगे. मौके पर जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी नीतीश कुमार निशांत, जनगणना समन्वयक अक्षय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार आदि मौजूद थे.
प्रथम चरण में आज से शुरू होगा जनगणना कार्य
जनगणना को लेकर डीसी ने की प्रेस वार्ता
