जयनगर: प्रखंड के गरचांच के पास बुधवार को अंचल अधिकारी सारांश जैन और बीडीओ गौतम कुमार ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया. इस दौरान बिना वैध पंजीकरण के संचालित आइलेक्स पब्लिक स्कूल की एक बस को जब्त किया गया.
जांच के दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला. वहीं, वाहन का बीमा, स्कूल बस संचालन के लिए आवश्यक परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे. अधिकारियों ने पाया कि बस निजी नाम से पंजीकृत थी, जबकि उसका उपयोग स्कूल बस के रूप में किया जा रहा था.
इसके अलावा बस में उपचालक, फायर किट और फर्स्ट एड किट जैसी अनिवार्य सुविधाएं भी नहीं थीं. अंचल अधिकारी सारांश जैन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
जब्त बस को थाना परिसर में रखा गया है. मामले में आगे की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा जा रहा है.
