सतगावां(कोडरमा). प्रखंड परिसर में मंगलवार को एसआईआर को लेकर जनसुनवाई हुई, जिसमें ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए, प्रशासन ने परिसर में दो अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की और कर्मचारियों को तैनात किया. जनसुनवाई के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गयी थी.
300 के करीब आवेदन पहुंचे
जनसुनवाई के दौरान समाचार लिखे जाने तक करीब 300 आवेदन फार्म प्राप्त हो चुके थे. इनमें से 149 फार्मों को त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वीकृत कर लिया गया, जबकि 50 फार्मों का निष्पादन किया गया. दिनभर ग्रामीण अपने-अपने आवेदन और संबंधित दस्तावेज लेकर जनसुनवाई स्थल पर पहुंचते रहे.
ये भी पढ़ें: देश में पहली बार झारखंड में गंभीर बीमारियों का एकीकृत मॉडल : कैंसर, शुगर और बीपी की एक साथ होगी रोकथाम
वंशावली सत्यापित कराने का निर्देश
मौके पर मौजूद कर्मियों ने बताया कि जिन आवेदकों के फार्म किसी कारणवश अस्वीकृत हुए हैं, उन्हें संबंधित मुखिया, वार्ड पार्षद या पंचायत समिति सदस्य से सत्यापित वंशावली प्रस्तुत करने को कहा गया है. जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद ऐसे आवेदनों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
महिला आवेदकों को भी बताए गए जरूरी दस्तावेज
जिन महिला आवेदकों को मायके स्तर से कागजातों में समस्या आ रही है, उन्हें वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम के अलावा माता-पिता का जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली से संबंधित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद उनके फार्म भी स्वीकृत किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ : खान संशोधन विधेयक के विरोध में 19 सितंबर को झामुमो का सभी प्रखंडों में धरना-प्रदर्शन
दो स्थानों पर की गयी आवेदन की प्रक्रिया
ग्रामीणों की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन ने भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए प्रखंड परिसर में दो अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की थी. इससे आवेदकों के दस्तावेजों की जांच और आवेदन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिली.
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
जनसुनवाई के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश बैठा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मनोज कुमार रवि, प्रखंड शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक उपाध्याय, प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी प्रफुल सिंह, सर्वेश सिंह, संतोष कुमार, मनीष कुमार, इंद्रदेव चौधरी, संदीप कुमार, बसंत कुमार, अंशुमान राज, शिव शंकर कुमार एवं पिंटू कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
सतगावां प्रखंड परिसर में एसआईआर को लेकर लगी भारी भीड़, दो अलग अलग स्थानों पर हुई जनसुनवाई | Prabhat Khabar Network
