कोडरमा. राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में 45 झारखंड बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में डीटीओ विजय कुमार सोनी ने 600 एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. शिविर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है.
सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी
डीटीओ ने कहा कि जीवन, सड़क और वाहन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं. सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है. सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए लोगों को जिम्मेदारी, अनुशासन और सावधानी के साथ यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है.
उन्होंने कैडेट्स को पैदल यात्रियों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए जरूरी यातायात नियमों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी. उन्होंने कैडेट्स से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया.
समाज में जागरूकता फैलाने में कैडेट्स की भूमिका
डीटीओ ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक होते हैं. ऐसे में वे सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
डीटीओ को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन के लिए डीटीओ विजय कुमार सोनी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.
मौके पर लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, डिप्टी कैंप कमांडेंट, लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे, लेफ्टिनेंट डॉ विजेंद्र कुशवाहा, लेफ्टिनेंट राधिका, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा, सूबेदार मेजर जीके चौधरी, ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह, ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर समेत एनसीसी के अन्य पदाधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद थे.
