सतगावां में सड़क हादसा, गया के 10 लोग गंभीर घायल

मुंडन कराने देवघर जा रहा था परिवार

दुर्घटना : देवघर जा रही श्रद्धालुओं की गाड़ी पेड़ से टकरायी, 10 लोग घायल : खुट्टा स्थित बरियारपुर तीखा मोड़ के समीप हुआ हादसा : मुंडन कराने देवघर जा रहा था परिवार सतगावां. थाना क्षेत्र के खुट्टा स्थित बरियारपुर तीखा मोड़ के समीप रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. गया (बिहार) से बच्चे का मुंडन करवाने देवघर जा रहे श्रद्धालुओं की चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी. हादसे में वाहन पर सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु रविवार शाम करीब करीब पांच बजे गया से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए थे. देर रात बरियारपुर मोड़ के पास पहुंचते ही वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनायी दी. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. वाहन चालक संजीव कुमार ने बताया कि सामने से आ रहे एक अन्य वाहन से बचने के प्रयास में गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया. वहीं, वाहन में सवार यात्रियों का आरोप है कि चालक लगातार मोबाइल पर बात कर रहा था. कई बार मना करने के बाद भी उसने फोन पर बातचीत बंद नहीं की, जिसके कारण यह हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया. हादसे में घायल लोगों की पहचान चालक 40 वर्षीय संजीव कुमार, 30 वर्षीय ममता देवी, 45 वर्षीय मंजू कुमारी, 35 वर्षीया रीना देवी, 30 वर्षीया बबीता देवी, 55 वर्षीय प्रदीप यादव, 70 वर्षीया कौशल्या देवी, 38 वर्षीया सविता कुमारी, 12 वर्षीया जीवा कुमारी और 14 वर्षीया सपना कुमारी के रूप में हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि बरियारपुर मोड़ के पास अत्यधिक झाड़ियां और तीखा मोड़ होने के कारण यह ब्लैक स्पॉट बन चुका है. यहां तीन अलग-अलग दिशाओं से सड़कें आकर मिलती हैं, जिससे हर महीने कोई न कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होता है. ——————–

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >