जयनगर (कोडरमा). तिलोकरी गांव स्थित खेल मैदान में बिरसा किसान क्लब द्वारा आयोजित नॉक आउट फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया. मैच का उद्घाटन विधायक अमित कुमार यादव, जिप अध्यक्ष रामधन यादव, जिप सदस्य केदारनाथ यादव और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनिल पांडेय ने संयुक्त रूप से किया. विधायक अमित कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर मैच की औपचारिक शुरुआत की.
एक गोल से जीतकर गैडा बनी चैंपियन
टूर्नामेंट का यह रोमांचक फाइनल मुकाबला गैडा और कुरूमडीहा की टीमों के बीच खेला गया. कड़े मुकाबले में गैडा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज की और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया.
खेलों से बढ़ता है अनुशासन और भाईचारा: विधायक
इस अवसर पर विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मौका मिलता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि फुटबॉल जैसा खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आपसी भाईचारा विकसित करता है. टूर्नामेंट को सफल बनाने में बिरसा क्लब के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
मौके पर इन लोगों की रही मौजूदगी
मौके पर जिप सदस्य प्रतिनिधि देवनारायण यादव, प्रभारी मुखिया साजन खान, रामजी यादव, झामुमो नेता अशोक सिंह, इस्लाम अंसारी, सकलदेव राम, मुखिया राजेंद्र प्रसाद यादव, शिवशंकर यादव, मनोज यादव, कृष्णा यादव, रामलखन यादव, बीरेंद्र मोदी, बीरेंद्र यादव, रामेश्वर उर्फ लालू यादव, अरूण राणा, पिंटू कुमार पांडेय, संतोष पांडेय, अरुण यादव आदि मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: विश्वकर्मा पूजा को लेकर जयनगर के बाजारों में बढ़ी रौनक, प्रतिमाओं की खरीदारी में जुटे लोग
