कोडरमा. बाल दिवस पर गांधी स्कूल रोड स्थित आदर्श विद्यालय में इनरव्हील क्लब ऑफ कोडरमा की ओर से बच्चों के मौलिक अधिकारों व बाल श्रम उन्मूलन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ. जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, समानता, स्वास्थ्य और मनोरंजन जैसे पांच मौलिक अधिकारों की जानकारी दी. उन्होंने बाल श्रम के खतरों पर कहा कि किसी भी तरह के शोषण होने पर बच्चे त्वरित सहायता के लिए चाइल्ड लाइन 1098 पर संपर्क कर सकते हैं. विद्यालय की प्राचार्या शीतल शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में जागरूकता और संस्कार दोनों बढ़ाते हैं. डेटा एनालिटिक्स अधिकारी पुष्पा कुमारी सिंह ने बच्चों को सतर्क रहने, अपने अधिकारों को समझने और गलत परिस्थितियों में मदद लेने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों, अतिथियों, शिक्षकों और बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली. बच्चों के बीच ड्राइंग कॉपी, रंग, बिस्किट और टॉफी वितरित किये गये. मौके पर क्लब की सचिव आरती आर्य, पूर्व अध्यक्ष माला दरूका, सदस्य अर्चना बर्मन आदि उपस्थित थीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
