झुमरीतिलैया से किशोर यादव की रिपोर्ट
झुमरीतिलैया(कोडरमा). रविवार दोपहर असनाबाद में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया. इसके बाद पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर देर शाम करमा से असनाबाद तक फ्लैग मार्च निकाला. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की.
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का दिलाया भरोसा
पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखने को कहा. अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
ये भी पढ़ें: कुएं में गिरा हाथी का बच्चा, रेस्क्यू अभियान को खड़े होकर देखता रहा झुंड
तिलैया थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक
इधर, घटना के बाद रात में किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसे लेकर तिलैया थाना परिसर में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के साथ शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में डीएसपी अरविंद कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार, कोडरमा सीओ, नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधऱ, उपाध्यक्ष मनोहर राम, विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्य, मुस्लिम समुदाय के गुलाम जिलानी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. दोनों समुदायों के लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर
