: जांच होने तक प्रशासन ने निर्माण कार्य पर लगायी रोक सतगावां. प्रखंड के शिवपुर स्थित निरंकार बाबा धार्मिक स्थल के समीप कब्रिस्तान की घेराबंदी को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद प्रशासन हरकत में आ गया. सोमवार को बीडीओ ओम प्रकाश बड़ाइक, सीओ केशव प्रसाद चौधरी और थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा दोनों पक्षों की बातें सुनीं. स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि निरंकार बाबा स्थल वर्षों पुराना धार्मिक आस्था का केंद्र है, जहां झारखंड और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. ग्रामीणों का कहना था कि संबंधित भूमि गैरमजरूआ आम है और लंबे समय से दोनों समुदाय यहां आपसी सौहार्द्र के साथ अपने धार्मिक कार्य करते आ रहे हैं. उन्होंने आशंका जतायी कि चहारदीवारी निर्माण से भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. सीओ केशव प्रसाद चौधरी ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी और दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से समाधान निकाला जायेगा. जांच पूरी होने और आपसी सहमति बनने तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के नये निर्माण कार्य पर रोक रहेगी.
विवादित स्थल का पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण
जांच होने तक प्रशासन ने निर्माण कार्य पर लगायी रोक
