कोडरमा. बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर पांचवें दिन भी जारी रहा.
शिविर में 600 एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं. शिविर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र के नेतृत्व व निर्देशन में प्रशिक्षण चल रहा है. कैडेट्स ने दिन की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण और ऑब्सटेकल ट्रेनिंग से की.
इसके बाद राइफल फायरिंग के दौरान अपनायी जाने वाली प्रक्रियाओं और लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने का अभ्यास कराया गया. ड्रिल प्रतियोगिता, प्लाटून अटैक और बंकर से संबंधित डेमो प्रस्तुत किये गये.
प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सैन्य कौशल विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है. फायर ब्रिगेड के अधिकारियों रामचंद्र राम और मो शहजाद अंसारी ने कैडेट्स को आग के विभिन्न प्रकार, बचाव के उपाय, सुरक्षा सावधानियों और आपात स्थिति में अपनायी जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी. आग लगने पर सुरक्षित प्रवेश और निकास तथा आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में बताया गया.
इसके बाद बटालियन के सूबेदार मेजर जीके और डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने फायर ब्रिगेड अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया. सूबेदार सुमेर सिंह, नायब सूबेदार शशि कुमार, सूबेदार चंपा मुर्मू और ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा की देखरेख में राइफल फायरिंग, ड्रिल सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है.
एनसीसी अधिकारी सह डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार के मार्गदर्शन में लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे, लेफ्टिनेंट राधिका, लेफ्टिनेंट डॉ विजेंद्र कुशवाहा और गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा कैडेट्स को नृत्य, संगीत और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास करा रहे हैं. शिविर के संचालन में सूबेदार जतरू तिर्की, हवलदार रितेश, हवलदार फिलिप, हवलदार जगन टोप्पो, हवलदार दीपक कुमार महतो समेत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के प्रधान सहायक, सहायक रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक दिग्विजय कुमार और एलडीसी रोहित कुमार सिंह का योगदान रहा.
