कोडरमा . तीन दिनों से लापता 15 वर्षीय किशोर दुर्गेश चौबे को कोडरमा पुलिस ने शनिवार को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया. किशोर के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और कोडरमा पुलिस के प्रति आभार जताया.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कोडरमा पुलिस को एक भटका हुआ बच्चा मिला. पूछताछ के दौरान बच्चे ने लिखकर अपना नाम दुर्गेश चौबे और पता ग्राम मनहे, थाना मयूरहंड, जिला चतरा बताया. इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी.
तीन दिन पहले पांडेयबारा से हुआ था लापता
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दुर्गेश तीन दिन पहले पांडेयबारा गया था, जहां से वह अचानक लापता हो गया. काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने उसकी तस्वीर और अन्य जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की. साथ ही आम लोगों से किशोर की तलाश में सहयोग की अपील की गई.
पुलिस से सूचना मिलने के बाद दुर्गेश के परिजन कोडरमा थाना पहुंचे. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को परिजनों को सौंप दिया. दुर्गेश के सकुशल घर लौटने से परिजनों में खुशी का माहौल है.
