मारवाड़ी युवा मंच की बैठक में अगस्त के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

झुमरीतिलैया में मारवाड़ी युवा मंच की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस, कांवड़ सेवा और रक्तदान शिविर जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।

कोडरमा: मारवाड़ी युवा मंच, झुमरी तिलैया की मासिक बैठक श्री अग्रसेन भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष मोहित संघई ने की तथा संचालन अतुल खेतान ने किया। बैठक में कोषाध्यक्ष महावीर खेतान ने आय-व्यय प्रस्तुत किया।

बैठक में अगस्त माह के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा, सामाजिक, धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे, जिन पर सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए अगस्त माह के सभी कार्यक्रमों को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस को समर्पित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सबसे पहले गौ सेवा अभियान को व्यापक रूप से संचालित करने पर चर्चा हुई। इसे मंच का प्रमुख सेवा अभियान मानते हुए इसके लिए परियोजना निदेशकों को जल्द कार्ययोजना तैयार करने का दायित्व सौंपा गया।

सावन माह के अवसर पर मंच के सभी सदस्यों द्वारा ध्वजाधारी पहाड़ पर सामूहिक रूप से चढ़कर दर्शन-पूजन करने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही देवघर कांवड़ सेवा के अंतर्गत बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा एवं श्रमदान करने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना बाबा भोलेनाथ की सेवा के समान है।

बैठक में बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से बाल कांवड़ यात्रा आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके सफल आयोजन के लिए परियोजना निदेशकों की नियुक्ति कर विस्तृत रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को महा रक्तदान शिविर आयोजित करने पर सर्वसम्मति बनी। इस शिविर में कम से कम 100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया तथा अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। सामाजिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए वॉकथॉन आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। वहीं, मंच के राष्ट्रीय अभियान ‘जन्मदाता वंदन’ के तहत सभी सदस्यों से अपने-अपने घरों में माता-पिता सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया गया।

बैठक में राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर पर संचालित अभियानों जैसे अमृत धारा, पर्यावरण संरक्षण, अंगदान एवं कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण जैसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने पर भी सहमति व्यक्त की गई। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में उपाध्यक्ष प्रतीक संघई, शिवेश पच्चीसिया, युवा सदस्य पीयूष भोजगड़िया, विपुल चौधरी, अनुराग हिसारिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >