झुमरीतिलैया. सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार को जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला. सुबह से ही सुहागिन महिलाओं की भीड़ पीपल वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना के लिए जुटी रही. महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा कर पीपल वृक्ष की 108 परिक्रमा लगायी और पति व पुत्रों की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की. तिलैया देवी मंडप के मुख्य पुजारी आचार्य कृष्ण मुरारी पांडेय ने बताया कि सोमवती अमावस्या के दिन पीपल वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. उन्होंने कहा कि इस बार सोमवती अमावस्या और अधिकमास का संयोग अत्यंत पुण्यदायी है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन व्रत व पूजा करने से भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है तथा परिवार में सुख, शांति और वैभव का वास होता है. मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.
सुहागिन महिलाओं ने सोमवती अमावस्या पर की पूजा अर्चना
सोमवार को जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला
