डोमचांच: डोमचांच में बिजली कटौती के खिलाफ मंगलवार को भाकपा माले ने विद्युत विभाग कार्यालय के समीप धरना दिया. धरना के पूर्व प्रतिवाद मार्च निकाला गया़ मार्च काली मंडा से शुरू होकर विद्युत विभाग के कार्यालय के पास पहुंचा़ यहां आयोजित धरना की अध्यक्षता प्रखंड सचिव विनोद पांडेय व संचालन भागीरथ सिंह ने किया. धरना में मुख्य रूप से धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव शामिल हुए़ इस दौरान अपने संबोधन में राजकुमार यादव ने कहा कि डोमचांच प्रखंड क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है.
आए दिन बिजली कटौती से आम उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यवसायियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बिजली कटौती की समस्या को तत्काल दूर करते हुए क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए़ उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर तार और अनियमित आपूर्ति की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है. अगर बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों और उपभोक्ताओं के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से आठ से दस हजार रुपया वसूला जाता है. कोडरमा के धरती पर बांझेडीह जैसे पावर प्लांट है,फिर भी यहां के लोगों को बिजली जैसे संकट का सामना करना पड़ रहा है. वहीं प्रखंड सचिव विनोद पांडेय ने कहा कि डोमचांच प्रखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है. उन्होंने कहा कि बिजली जनता की मूलभूत जरूरत है, इसे लेकर विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पूर्व जिला सचिव राजेन्द्र मेहता ने कहा कि बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण डोमचांच प्रखंड की जनता त्रस्त है. उन्होंने कहा कि सरकार और बिजली विभाग को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए. 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर माले का संघर्ष जारी रहेगा.
मौके पर राजेन्द्र साव, संजय तिवारी, शेराजउद्दीन, सरोज मेहता, सावित्री देवी, उर्मिला देवी, पवन पासवान, विष्णु ठाकुर, कृष्णकांत मेहता, रामचंद्र तुरिया, दशरथ सिंह, प्रकाश पासवान, राजकुमार साव, सुरेश यादव, बाबूलाल यादव, अशोक यादव, चांद अख्तर, राधा देवी, समा देवी, गुंदरी देवी, मुनिया देवी, अनीता देवी, सुनीता देवी व अन्य मौजूद थे़