कोडरमा : केंद्र सरकार द्वारा लाये गये खनिज एवं खनिज विकास विधेयक के विरोध में मंगलवार को वाम दलों एवं आम आदमी पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवाद मार्च निकाला गया. सीपीआई, सीपीएम, भाकपा माले और आप के कार्यकर्ता वैशाली प्रेस परिसर से जुलूस की शक्ल में निकले और नारेबाजी करते हुए झंडा चौक पहुंचे. यहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया.
वाम दलों ने विधेयक को बताया झारखंड विरोधी
अध्यक्षता सीपीएम जिलाध्यक्ष असीम सरकार ने की. असीम सरकार ने कहा कि विधेयक झारखंड के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है. खनिज से मिलने वाला टैक्स राज्य सरकार को प्राप्त होता था, लेकिन केंद्र इसे अपने अधीन लेना चाहता है, जिससे राज्य के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ेगा. सीपीआई के राष्ट्रीय परिषद सदस्य महादेव राम ने आरोप लगाया कि विधेयक उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लाया गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र की नजर झारखंड के जल, जंगल और जमीन पर है. माले जिला सचिव इब्राहिम अंसारी ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि कई माह से रोके जाने का आरोप लगाया.
राशन कार्ड कटौती और पेंशन का मुद्दा उठा
आप जिला सचिव महेश प्रसाद यादव ने कोडरमा में गरीबों और विधवा महिलाओं के राशन कार्ड काटे जाने की बात कही. सभा को अर्जुन यादव, राजेंद्र प्रसाद मेहता और दामोदर यादव ने भी संबोधित किया. मौके पर वीरेंद्र यादव, सुखदेव पांडेय, विजय पासवान, सिकंदर कुमार, पुरुषोत्तम यादव, समीम खान, विनोद यादव, बसमतिया देवी, रामकिशन शर्मा, नारायण रजक, राजेंद्र यादव, अशोक यादव, रामचंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: खनिज पर झारखंड का पहला हक, चंदे में पारदर्शिता जरूरी; कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना
