कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma Crime News, कोडरमा : कोडरमा अंतर्गत चंदवारा थाना क्षेत्र के ढाब थाम स्थित महूडरा सालोनिया क्रेशर में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस अचानक हुए पथराव और झड़प में चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार सहित लगभग एक दर्जन पुलिस जवान मामूली रूप से घायल हो गए हैं. घटना के तुरंत बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है. राहत की बात यह है कि सभी जवानों को हल्की-फुल्की चोटें ही आई हैं और उनकी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से स्थिति को संभाला और इस हमले व चोरी के मामले में संलिप्त करीब 10 संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया है.
कबाड़ी दुकान में चल रहा था सर्च ऑपरेशन
घटना की पृष्ठभूमि के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, महूडरा सालोनिया क्रेशर के संचालक ने इनवर्टर, बैटरी और क्रेशर के कीमती लोहे के सामानों की चोरी को लेकर चंदवारा थाने में एक लिखित आवेदन दिया था. इस शिकायत के आधार पर सोमवार की शाम थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम चोरी गए सामान की बरामदगी और चोरों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र की विभिन्न कबाड़ी दुकानों में सघन छापेमारी अभियान चला रही थी. इसी दौरान जब पुलिस टीम ढाब थाम रोड पर स्थित एक कबाड़ी दुकान में जांच करने पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसिया कार्रवाई का पुरजोर विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और वहां मौजूद भीड़ ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
Also Read: रांची-हजारीबाग में जलापूर्ति काम अंतिम चरण में, पर NOC के फेर में अटकी कई शहरों की पाइपलाइन
फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
अचानक हुए इस हमले के बावजूद पुलिस के जवानों ने धैर्य से काम लिया और सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को पूरी तरह अपने नियंत्रण में कर लिया. पुलिस ने मौके से जिन 10 लोगों को हिरासत में लिया है, उनमें से 4 लोग सीधे तौर पर क्रेशर में हुई चोरी के मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं. इस छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली है और क्रेशर से चुराया गया सामान बरामद कर लिया गया है. थाना प्रभारी शशिभूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान कबाड़ी दुकान के पास झड़प हुई थी, जिसमें कुछ जवानों को मामूली चोटें आई हैं. फिलहाल, इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हल्का तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल सतर्क है. पुलिस हमले में शामिल अन्य उपद्रवियों को चिन्हित कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
Also Read: Ramgarh: उत्तरी छोटानागपुर पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, ओवरऑल चैंपियन बना रामगढ़ जिला बल
