जयनगर: ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को प्रखंड के मुस्लिम बहुल इलाकों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. इस दौरान जयनगर, पिपचो, तेतरौन, मंदारिया, पथलकुदवा, रघुनियाडीह, गडगी, तमाय, बिसोडीह, टुडमी आदि इलाके में श्रद्धा और उत्साह के साथ जुलूस निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया.
स्थानीय जयनगर में जुलूस मस्जिद मोहल्ला से शुरू हुआ और विभिन्न गली-मोहल्लों का भ्रमण करते हुए गोपालडीह गांव पहुंचा, जहां जुलूस महासभा में तब्दील हो गया. महासभा में बाहर से आने वाले मेहमानों का स्वागत किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर योगदान देने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
मौके पर वक्ताओं ने हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की जिंदगी, उनके पैगाम और इंसानियत, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द का संदेश लोगों तक पहुंचाया. इस दौरान इस्लामी झंडों के साथ-साथ देश की आन-बान-शान तिरंगा भी शान से लहराया गया. इससे जुलूस का माहौल धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति से भी सराबोर नजर आया.
जगह-जगह स्थानीय लोगों की ओर से जुलूस में शामिल लोगों और आने वाले मेहमानों के लिए खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए थे. जुलूस में विभिन्न समुदायों के लोगों की मौजूदगी ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र की मिसाल पेश की.
पूरे आयोजन के दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाते हुए एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने का संदेश दिया. जयनगर में आयोजित जुलूस-ए-मोहम्मदी ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और देशप्रेम का खूबसूरत संदेश दिया.
गडगी में निकला भव्य जुलूस
प्रखंड के गडगी परसाबाद में हजरत मो. साहेब का जन्मदिन मनाया गया. मौके पर भव्य जुलूस निकाला गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता इसराइल अंसारी व संचालन हकीम खान ने किया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुखिया फरीदा खातुन, विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रमुख जयप्रकाश राम, पूर्व मुखिया लाखपत यादव, केडी यादव, मुखिया प्रतिनिधि सरफुद्वीन अंसारी, हजरत मौलाना, अजमल मिस्बाही, असगर अली, रजवी अब्दुल्ला का माल्यार्पण कर स्वागत किया. मौके पर सचिव हैदर अली, पूर्व सदर सुलतान इसराइल अंसारी, हाफिज हसनैन राजा, मुश्ताक अंसारी, नसीर उद्वीन, जफर इमाम, इस्लाम, मनीष, शमीम खान, मो. आलम, अब्दुल जबार, बलदेव यादव सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे.
