रात 12 बजे हुआ कान्हा का जन्म, ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से भक्तिमय हुआ झुमरीतिलैया

झुमरीतिलैया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में भक्ति की धूम रही। भजन-कीर्तन और झांकियों के बीच श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ कान्हा का जन्मोत्सव मनाया।

झुमरीतिलैया. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शनिवार को पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर रहा. अड्डी बंगला रोड स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में चौधरी ब्रदर्स के तत्वावधान में भव्य जन्मोत्सव का आयोजन किया गया. रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों और आकर्षक रोशनी से सजे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का दौर देर रात तक चलता रहा. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए.

रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही शंख, घंटी और आरती की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के साथ कान्हा का जन्मोत्सव मनाया. इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच पंजीरी, फल, टॉफी और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया.

खुदरा पट्टी स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में श्रीराम संकीर्तन मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया. इस दौरान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गयी. बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. वहीं मनहारण हनुमान कुटिया में पांच दिवसीय झूलन उत्सव का शुभारंभ हुआ.

शहर के शीतला मंदिर, दारुका जी मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, काली मंदिर और शिव मंदिर समेत दो दर्जन से अधिक मंदिरों में विशेष सजावट की गयी. इसके अलावा सैकड़ों घरों में भी भगवान श्रीकृष्ण के लिए झूले सजाये गये. फूलों, वंदनवार और गुब्बारों से सजे मंदिरों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >