सीए, सीएस व सीएमए कोर्स पर मिली जानकारी, छात्रों को मिली नयी दिशा

ग्रिज़ली विद्यालय के ऑडिटोरियम में कक्षा 11वीं और 12वीं के वाणिज्य संकाय के छात्रों के लिए सीए, सीएस एवं सीएमए पाठ्यक्रमों पर आधारित एक विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया.

कोडरमा. ग्रिज़ली विद्यालय के ऑडिटोरियम में कक्षा 11वीं और 12वीं के वाणिज्य संकाय के छात्रों के लिए सीए, सीएस एवं सीएमए पाठ्यक्रमों पर आधारित एक विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया. इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में रूही अग्रवाल (प्रमाणित सीए,सीएस एवं सीएफए) तथा गौतम पांडेय (कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी के फाइनलिस्ट) उपस्थित थे. वक्ताओं ने छात्रों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी , कंपनी सेक्रेटरी तथा कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी के विभिन्न स्तरों, पाठ्यक्रम की संरचना एवं तैयारी की रणनीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने सीए कोर्स के अंतर्गत फाउंडेशन, इंटरमीडिएट, आइसीआइटीएसएस ट्रेनिंग, आर्टिकलशिप, फाइनल परीक्षा एवं हाल ही में जोड़े गये सेल्फ-पेस्ड कोर्सेस की चर्चा की. उन्होंने बताया कि सीएस कोर्स की संरचना काफी हद तक सीए के समान है, किंतु यह तुलनात्मक रूप से सरल है और मुख्यतः कानूनी पहलुओं पर केंद्रित होता है. सीएमए कोर्स के अंतर्गत लागत की अवधारणा, इसकी प्रबंधन भूमिका, समय-समय पर पाठ्यक्रम में होने वाले संशोधन एवं इसकी मान्यता को विस्तार से समझाया गया. वक्ताओं ने यह भी जानकारी दी कि छात्र 10वीं कक्षा के बाद इन कोर्सेस में नामांकन ले सकते हैं, लेकिन परीक्षाएं केवल 12वीं के बाद ही दी जा सकती हैं. उन्होंने छात्रों को मोबाइल से ध्यान भटकाव से बचने, 100 प्रतिशत स्पष्ट कॉन्सेप्ट, बिना शॉर्टकट के कठिन परिश्रम, सही अध्ययन तकनीक, नियमित पुनरावृत्ति, रणनीतिक योजना और आत्मविश्वास जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा दी. सत्र के अंत में यह महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गयी कि वर्ष 2025 से सीए परीक्षाएं वर्ष में तीन बार आयोजित की जायेगी. यह सत्र छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ. छात्रों में नीरज कुमार, आशी कुमारी, स्वर्णं राज, आदर्श कुमार, सार्थक सिन्हा एवं शीतल कुमारी ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर सत्र में सक्रिय भागीदारी निभायी. मौके पर वाणिज्य संकाय के संयोजक जितेंद्र चौधरी, शिक्षक रथिन वर्धन, अमित राय, अमित दास, आलोक कुमार, स्टूडेंट्स सर्विस सेल के कोऑर्डिनेटर सुधांशु कुमार आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >