कोडरमा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में व्यवहार न्यायालय सभागार में मोटर दुर्घटना मुआवजा से संबंधित जिला स्तरीय कार्यशाला हुई. इसका उद्घाटन के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकांत मिश्रा समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यक्रम के पूर्व सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. कार्यशाला में उपस्थित पुलिस पदाधिकारी, अधिवक्तागण, मध्यस्थगण, पैनल अधिवक्ता, एलएडीसीएस के अधिवक्ता व पारा लीगल वोलेंटियर्स ने मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की.
प्रधान जिला जज रमाकांत मिश्रा ने कहा कि मानवता की सेवा पुलिस का सबसे पहला धर्म है, जिसका पालन पुलिस पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी पूर्वक करना चाहिए. हजारीबाग न्याय मंडल के अधिवक्ता मो मोवाज्जम ने मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम से संबंधित कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला.
इस दौरान कई पुलिस पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने मुख्य वक्ता से सवाल किये. धन्यवाद ज्ञापन प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार व न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया.
