झुमरीतिलैया. देवी मंडप रोड में शुक्रवार की रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हो गयी. इस दौरान लाठी-डंडे से मारपीट व चाकूबाजी की घटना में चार किशोर घायल हो गये. घायलों में सचिन कुमार, छोटू, सूर्या और राहुल शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
घटना को लेकर देवी मंडप रोड निवासी सचिन कुमार (पिता- राजेश यादव) ने तिलैया थाना में लिखित आवेदन देकर कहा है कि शुक्रवार की शाम करीब 7.30 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला था. इस दौरान कुछ युवकों ने अचानक सचिन और उसके साथियों पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे के साथ धारदार चाकू से वार किया.
हमले में सचिन के सिर के बायें हिस्से में गंभीर चोट लगी. वहीं छोटू के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गयी. सूर्या व राहुल पर चाकू से वार किये जाने का आरोप है. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी. सचिन ने आवेदन में रघु चौधरी (पिता- अनिल चौधरी, निवासी देवी मंडप रोड), रोहित राजपूत (नरेश नगर), सूर्यां चंद्रवंशी, अंकित चंद्रवंशी और राहुल निवासी पुराना गैस गोदाम गली को आरोपी बनाया है. तिलैया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.