झुमरीतिलैया: गणेश पूजा उत्सव में दिखा आस्था, कला और देशभक्ति का संगम

झुमरीतिलैया में गणेश पूजा उत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें आस्था, कला, संस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. डेढ़ दर्जन स्कूलों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं.

झुमरीतिलैया. गणेश पूजा के पांच दिवसीय उत्सव के तहत कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में पूर्णिमा टॉकीज गली स्थित आयोजन स्थल पर आस्था, कला, संस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसमें करीब 500 श्रद्धालुओं ने भाग लिया. इसके बाद महाआरती, जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. अंत में प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन किया गया.

डेढ़ दर्जन स्कूलों के बच्चों ने दी प्रस्तुति

करीब छह घंटे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिले के डेढ़ दर्जन विद्यालयों के अलावा विभिन्न नृत्य व संगीत संस्थानों के बच्चों ने हिस्सा लिया. बच्चों ने देशभक्ति, धार्मिक, शिव तांडव, छठ और सामाजिक विषयों पर आधारित नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. समूह नृत्य में 15, एकल नृत्य में 10 और नाट्य-नृत्य में तीन समूहों ने भाग लिया.

नाट्य-नृत्य में जय हिंद पब्लिक स्कूल, चंदवारा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, अंबे शिशु वाटिका ने काली पूजा और स्वामी विवेकानंद स्कूल असनाबाद ने शहीद भगत सिंह पर आधारित देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किया. इसमें स्वामी विवेकानंद स्कूल प्रथम, अंबे शिशु वाटिका द्वितीय और जय हिंद पब्लिक स्कूल तृतीय रहा.

समूह व एकल नृत्य में भी दिखी प्रतिभा

समूह नृत्य में अंबे शिशु वाटिका प्रथम, फ्यूचर पब्लिक स्कूल डोमचांच द्वितीय और नृत्य कला स्टूडियो विद्यापुरी तृतीय रहा. एकल नृत्य में झारखंडी नृत्य के लिए राहुल कुमार, मधवाटांड प्रथम रहे. शास्त्रीय नृत्य में मुस्कान कुमारी, चूड़ीघर रोड द्वितीय और बंगला गीत व मां दुर्गा पर आधारित प्रस्तुति के लिए प्रियंका दास, डीएवी पब्लिक स्कूल तृतीय रहीं.

आकाश योग केंद्र के बच्चों ने योग की प्रस्तुति दी. वहीं ग्रिजली विद्यालय की छात्रा काश्वी वैभव ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं. निर्णायक की भूमिका हजारीबाग की मेघाली सेन गुप्ता और झुमरी तिलैया की शिल्पा सिंह ने निभायी. संचालन विकास जैन और शिक्षक मुन्ना कुमार ने किया.

सभी प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

मुख्य अतिथि शालिनी गुप्ता ने कहा कि महाआरती में बच्चों की सहभागिता और उनके द्वारा की गयी पूजा अद्भुत रही. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया.

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राजा सिंह व गौरी भगत, सचिव राजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष जानू सिंह, अमित सिंह, संजीत साव, मंटू साव, रौशन सिंह, विश्वास रंजन, गोपाल सिंह, राज सिंह, शिव कुमार भगत, आलोक सिंह, प्रिंस कुमार, शुभम कुमार, राजू यादव, अरिहंत कुमार, आरके कंधवे और गुलशन कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh

राजेश सिंह, जयनगर वर्ष 2000 से प्रभात खबर से जुड़ कर काम कर रहे हैं. आंचलिक पत्रकारिता का करीब 26 वर्षों का लंबा अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >