मेले में खरीदी करते लोग | Prabhat Khabar Network

गणेश महोत्सव के दूसरे दिन पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कोडरमा में गणेश महोत्सव का दूसरा दिन भक्ति और उल्लास से भरा रहा. विभिन्न पूजा पंडालों में भव्य प्रतिमाओं की स्थापना की गई, जहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी.

झुमरीतिलैया. गणेश महोत्सव के दूसरे दिन कोडरमा में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल रहा. सुबह से शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और घरों में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गयी. शाम होते ही महाआरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पूजा पंडाल देर रात तक भक्तों से गुलजार रहे.

केडब्ल्यूएस परिवार के पंडाल में 15 फीट ऊंची प्रतिमा

पूर्णिमा टॉकीज के पीछे गली में केडब्ल्यूएस परिवार की ओर से बंगाल की दुर्गा पूजा की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया गया है. यहां स्थापित 15 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. सुबह पूजा-अर्चना के बाद शाम को महाआरती और रात में जागरण का आयोजन हुआ. जागरण में श्रद्धालु देर रात तक भजनों की धुन पर झूमते रहे.

पंडाल में बुधवार की शाम महाआरती के बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा. इसमें सैकड़ों बच्चे धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जायेगा.

आदर्श नगर में दिनभर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पुराना बस स्टैंड स्थित आदर्श नगर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति के पंडाल में स्थापित आठ फीट ऊंची गणपति प्रतिमा के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया. वहीं, संध्या महाआरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए.

शिव मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम

गांधी स्कूल रोड स्थित शिव मंदिर प्रांगण में विराजमान गणपति बप्पा के दरबार में शाम की आरती के बाद स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. आकर्षक लाइटिंग, बच्चों के झूले और फूड स्टॉल के कारण पूरे परिसर में मेले जैसा माहौल बना रहा. देर रात तक यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >