झुमरीतिलैया से सुजल भदानी की रिपोर्ट
झुमरीतिलैया(कोडरमा). गणेश चतुर्थी को लेकर शहर पूरी तरह भक्तिमय हो गया है. शहर के गली-मोहल्लों और प्रमुख चौकों पर आकर्षक पंडाल, रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. आज शुभ मुहूर्त में विभिन्न पूजा समितियों के पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जायेगी.
चार से पांच दिनों तक चलेगा महोत्सव
चार से पांच दिनों तक चलने वाले महोत्सव में प्रसाद वितरण, भक्ति जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भंडारा और विसर्जन शोभायात्रा होगी. पिछले साल की तरह इस बार भी विसर्जन शोभायात्रा काफी भव्य होने की उम्मीद है. इसमें अलग-अलग झांकियां और डीजे की धुन पर थिरकते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र बनेंगे.
ये भी पढ़ें: झुमरीतिलैया में चाकूबाजी के बाद पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति
बंगाल की थीम पर सजा पंडाल
पूर्णिमा टॉकीज के पीछे कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी वर्ष 2011 से गणेश पूजा कर रही है. इस बार समिति के अध्यक्ष विकास कुमार सिंह के अनुसार, करीब 1.50 लाख रुपये की लागत से बंगाल की दुर्गा पूजा की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है. इसमें पारंपरिक बंगाली वास्तुकला की झलक के साथ-साथ मां दुर्गा की खूबसूरत प्रतिमाओं की प्रतिकृतियां और श्यामोली रंग की सजावट देखने को मिलेगी.
आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यहां 31 हजार रुपये की लागत से बनी 15 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा स्थापित होगी. अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, उपाध्यक्ष गौरी भागर व राजा सिंह, सचिव रंजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुयोग सिंह जानू और संयोजक अमित कुमार तैयारी में जुटे हैं.
गांधी स्कूल रोड में 60 फीट ऊंचा पंडाल
गांधी स्कूल रोड में नवयुवक संघ सार्वजनिक गणेश पूजा समिति ने 1.71 लाख रुपये की लागत से 60 फीट ऊंचा पंडाल बनाया है. आयोजकों के अनुसार, यहां 25 हजार रुपये की लागत से बनी 13 फीट की प्रतिमा स्थापित होगी. आदर्श नगर में पांच दिवसीय आयोजन होगा.
सुबह 11:25 से दोपहर 12:25 बजे तक शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य के अनुसार प्रतिमा स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 11:25 से दोपहर 12:25 बजे तक है.
गांधी स्कूल रोड में लगा बच्चों के लिए झूला | Prabhat Khabar Network
कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी के द्वारा बनाया गया पंडाल | Prabhat Khabar Network
