पाक आतंकी का संदेश फैलाकर युवाओं को भड़का रहे थे, छह पकड़ाए

कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस ने आईबी इनपुट पर छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इन पर सोशल मीडिया पर देश विरोधी पोस्ट साझा करने का आरोप है. जांच एजेंसियां आतंकवादियों से कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं.



Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले में देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच एजेंसियों और कोडरमा पुलिस ने सोमवार को सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में संयुक्त छापेमारी की. इस दौरान एक युवती समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया. इन पर सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर आतंकी संगठन से जुड़े वीडियो और कट्टरपंथी सामग्री साझा कर मुस्लिम युवाओं को भड़काने तथा देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोपों की जांच की जा रही है. पूरे मामले की पुष्टि कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने की है. उन्होंने बताया कि सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

छह लोगों को लिया गया हिरासत में

पुलिस और जांच एजेंसियों द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों में 22 वर्षीय अरशद महफूज (पिता जहांगीर आलम), 50 वर्षीय जहांगीर आलम (पिता स्वर्गीय जमाल), 45 वर्षीय मोहम्मद शहादत (पिता स्वर्गीय रहमत मियां), 20 वर्षीय मोहम्मद आसिफ (पिता स्वर्गीय शाहिद), 26 वर्षीय मोहम्मद शमशेर आलम उर्फ शाहिल (पिता मोहम्मद अमजद) तथा 20 वर्षीय मुस्कान प्रवीण (पिता मोहम्मद जसीम) शामिल हैं. जानकारी के अनुसार पहले पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था. बाद में पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर सोमवार शाम मुस्कान प्रवीण को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.

आईबी इनपुट के बाद हुई संयुक्त कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) को सूचना मिली थी कि सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के कुछ लोग इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हुए कथित रूप से देश विरोधी और कट्टरपंथी सामग्री साझा कर रहे हैं. आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान स्थित आतंकी अजहर मसूद का वीडियो क्लिप भी साझा किया और उसके माध्यम से युवाओं को भड़काने का प्रयास किया. इसी इनपुट के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया और कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया.

डिजिटल साक्ष्यों की भी हो रही जांच

जांच एजेंसियां हिरासत में लिए गए सभी लोगों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का प्रयास यह पता लगाने का है कि कथित आपत्तिजनक सामग्री किस स्रोत से साझा की गई, उसका उद्देश्य क्या था और क्या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है. पूछताछ के दौरान संभावित संपर्कों, ऑनलाइन गतिविधियों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. फिलहाल किसी आतंकी संगठन से प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है.

आरोपियों के पेशे और गतिविधियों की भी जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिरासत में ली गई मुस्कान प्रवीण अपने समुदाय के बच्चों को पढ़ाने का कार्य करती है. जांच एजेंसियां उससे भी लंबी पूछताछ कर रही हैं. वहीं मोहम्मद शहादत गांव में किराना दुकान चलाता है. जहांगीर आलम मुर्गा बेचने का काम करता है. एक अन्य आरोपी मस्तान अंसारी इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है, जबकि अन्य आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी के सामाजिक, आर्थिक और डिजिटल नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है.

माधोपुर गांव में पसरा सन्नाटा

संयुक्त कार्रवाई के बाद माधोपुर गांव समेत पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गांव में पुलिस की मौजूदगी के कारण लोगों में दहशत का माहौल रहा. स्थानीय लोग खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए. कुछ ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ युवक सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर देश और अन्य धर्मों के खिलाफ भड़काऊ सामग्री साझा कर रहे थे. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस जांच जारी है. सूत्रों के अनुसार माधोपुर के अलावा अंगार क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा छापेमारी किए जाने की सूचना है, हालांकि इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है.

इसे भी पढ़ें: JPSC Scam: पलामू में CID की रेड, JPSC से नियुक्त शिक्षक संतोष सिंह और पारा शिक्षक के दस्तावेज जब्त

पहले भी सामने आ चुका है आतंकी कनेक्शन

कोडरमा का नाम इससे पहले भी आतंकी गतिविधियों की जांच में सामने आ चुका है. पिछले महीने गुजरात एटीएस ने झुमरीतिलैया के असनाबाद निवासी शमा प्रवीण को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था. उस पर अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े कथित मॉड्यूल का संचालन करने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने का आरोप लगाया गया था. वर्तमान कार्रवाई के बाद एक बार फिर जिले का नाम सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दायरे में आया है.

इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, 6 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मॉनसून सत्र

एसपी बोले, जांच पूरी होने के बाद साझा करेंगे जानकारी

कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि जांच एजेंसियों के इनपुट के आधार पर माधोपुर गांव में छापेमारी की गई है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने बताया कि सभी संदिग्धों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >