जयनगर, कोडरमा: थाना क्षेत्र के गड़गी गांव में सोमवार को साधु के वेश में पहुंचे दो ठगों ने एक ही परिवार की दो महिलाओं को अलग-अलग तरीके से झांसा देकर ठगी कर ली. दोनों सफेद कपड़े पहने थे और घर-घर जाकर पैसे मांग रहे थे. घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर दोनों टाइगर क्लब इलाके में स्थित सहदेव यादव के घर पहुंचे. उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था. पूजा देवी तीज पूजा के लिए मंदिर जाने की तैयारी कर रही थीं. दोनों ने उनसे भीख मांगी. पूजा देवी ने 10 रुपये देने के बाद उन्हें पानी पिलाने लगीं. इसी दौरान दोनों ने उनके मंगलसूत्र के बारे में पूछा. पूजा देवी ने बताया कि मंगलसूत्र सोने का है.
इसके बाद एक ठग ने जमीन से मिट्टी उठाकर कागज में रखी और पूजा देवी के हाथ में दे दी. इसी दौरान दूसरे ठग ने मौका पाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र निकाल लिया. इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गये.
दूसरी महिला से 50 हजार रुपये लेने का आरोप
इसी परिवार की कंचन देवी ने भी दोनों पर 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार होने का आरोप लगाया है. बताया जाता है कि ठगों ने उन्हें भी झांसे में लिया और रुपये लेकर भाग निकले. घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी है. पुलिस संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है.
