झुमरीतिलैया(कोडरमा). झुमरीतिलैया के अड्डी बंगला में दुर्गा पूजा को लेकर विवाद बढ़ रहा है. शुक्रवार को, पूजा समिति में पदों के बंटवारे को लेकर एक बार फिर हंगामा हुआ. एसडीओ निर्मल सोरेन के निर्देश पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता और थाना प्रभारी विनय कुमार की मौजूदगी में लॉटरी के माध्यम से आयोजन समिति के छह पदाधिकारियों का चयन किया जाना था, लेकिन हंगामे के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
मामला बिगड़ता देख कार्यपालक पदाधिकारी ने गैरमजरूआ भूमि और वरीय पदाधिकारियों के आदेश का हवाला देते हुए पूजा परिसर स्थित धर्मशाला को सील कर अपने कब्जे में ले लिया.
पहले भी चुनाव कराने का हुआ था प्रयास
जानकारी के अनुसार, पूजा कमेटी के विस्तार व पदाधिकारियों के चयन को लेकर पूर्व में भी कई बार बैठक कर चुनाव कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन सहमति नहीं बन सकी थी.
विवाद बढ़ने से यहां विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए नगर प्रशासन ने फिलहाल किसी भी कमेटी को पूजा आयोजन में भागीदारी से मना कर दिया है. अब मामले में उपायुक्त, एसपी और एसडीओ स्तर से निर्णय लिया जायेगा.
कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराकर मार्गदर्शन मांगा जायेगा. इसके बाद पूजा आयोजन को लेकर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
लॉटरी शुरू होने से पहले ही दोनों पक्षों में हुआ विवाद
दुर्गा पूजा कमेटी को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. पिछले वर्ष धार्मिक न्यास बोर्ड से निबंधित कमेटी द्वारा पूजा का आयोजन किया गया था. इस बार सार्वजनिक बैठक में दूसरे पक्ष के लोगों ने कमेटी को लेकर विरोध जताया.
मामला प्रशासन के पास पहुंचने के बाद दोनों पक्षों से छह पदों के लिए एक-एक नाम लेकर लॉटरी के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन करने का निर्णय लिया गया था. शुक्रवार को लॉटरी की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया. देखते ही देखते हंगामा और गाली-गलौज शुरू हो गयी. इसके बाद लॉटरी की प्रक्रिया नहीं हो सकी.
प्रशासन की देखरेख में होगा आगे का निर्णय
अब प्रशासन की देखरेख में दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर आगे की कार्रवाई की जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, एक पक्ष लगातार पूजा के आयोजन को लेकर चंदा वसूलने से लेकर पंडाल निर्माण आदि के कार्य में जुटा है.
मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश राम, नीतेश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष मनोहर राम, सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार, रंधीर कुमार व अन्य मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: सिमरिया में लोबगा तालाब का बांध टूटा, दो प्रखंडों के 10 से अधिक गांवों लोग प्रभावित
