पूजा पंडालों के पट खुले, मां भवानी ने दिये दर्शन

शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है.

अड्डी बंगला, मडुआटांड व बेलाटांड में पट खुलते ही उमड़े श्रद्धालु अगले चार दिन पूरी तरह भक्तिमय रहेगा माहौल, हर तरफ उत्साह —————————– प्रतिनिधि झुमरीतिलैया. शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है. नवरात्र के छठे दिन रविवार को माता कात्यायनी की उपासना पूरे भक्ति भाव से की गयी. शहर के अड्डी बंगला, मदुआटांड़ और बेलाटांड़ में रविवार की देर शाम पूजा पंडालों के पट खोल दिये गये. पट खुलते ही मां भवानी का दर्शन करने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. मां के जयकारों से गूंजते वातावरण में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया. वहीं चाराडीह में पट का उदघाटन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया. शहर के अन्य जगहों पर पूजा पंडालों के पट सोमवार को खुलेंगे. इधर, नवरात्र के छठे दिन मंदिरों में भी भक्तों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. दुर्गा सप्तशती पाठ का श्रवण कर भक्त मंत्रमुग्ध हो गये. ताराटाड़ दुर्गा पूजा समिति में पूजा करा रहे पंडित रामाकांत पांडेय ने बताया कि मां कात्यायनी की उपासना से अद्भुत शक्ति की प्राप्ति होती है और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. महर्षि कात्यायन की तपस्या से अवतरित माता कात्यायनी को ब्रज की गोपियों ने भी भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने के लिए पूजा था. पूजा पंडाल व लाइटिंग आकर्षण दुर्गा पूजा को लेकर शहर में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है. अड्डी बंगला, मडुआटांड, बेलाटांड के अलावा अन्य जगहों पर आकर्षक लाइटिंग लोगों को लुभा रहा है. शहर में इन जगहों के अलावा ताराटांड, विशुनपुर रोड, गौरी शंकर मोहल्ला, महाराणा प्रताप चौक, तिलैया बस्ती, गुमो, करमा आदि जगहों पर पूजा धूमधाम से की जा रही है. इन सभी जगहों पर दुर्गोत्सव की छटा देखते ही बन रही है. चारों ओर उत्साह और भक्ति का समागम दिख रहा है. भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक रोशनी और देवी के भजनों की मधुर ध्वनि से पूरा शहर आस्था के महासागर में डूबा हुआ है. दूधिया रोशनी से नहाए पंडाल और आसपास की सजी-संवरी गलियां देखने वालों का मन मोह रही हैं. देर शाम होते ही नगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं और खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. बाजार में रौनक, दुकानों में भी भीड़ दुर्गा पूजा को लेकर बाजार की रौनक अपने चरम पर है. झंडा चौक, जैन गली, स्टेशन रोड और पूर्णिमा टॉकीज इलाके की दुकानों पर देर रात तक चहल-पहल दिख रही है. कपड़े, फुटवेयर, पूजन सामग्री और श्रृंगार की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही है. महिलाएं श्रृंगार सामग्री व परिधान खरीदने में व्यस्त रहीं तो बच्चों ने खिलौने और झूले का आनंद लिया. मॉल और शॉपिंग कांप्लेक्स में भी खरीदारी को लेकर उत्साह है. बाक्स..आज मां कालरात्रि की होगी आराधना नवरात्र की सप्तमी पर सोमवार को मां कालरात्रि की आराधना की जायेगी. देवी कालरात्रि को काली, महाकाली, भैरवी, चामुंडा और चंडी जैसे नामों से भी जाना जाता है. ज्योतिषाचार्या विनीता निशु ने बताया कि इनका स्वरूप देखने में भयानक है, परंतु वे अपने भक्तों को केवल शुभ फल ही देती हैं. इसी कारण इनका नाम शुभंकारी भी है. मान्यता है कि मां कालरात्रि के नाम का स्मरण मात्र से ही भूत-प्रेत और नकारात्मक शक्तियां दूर हो जाती हैं. भक्तों की अकाल मृत्यु नहीं होती और साधक के लिए ब्रह्मांड की सभी सिद्धियों का द्वार खुल जाता है. यही कारण है कि सप्तमी का दिन विशेष महत्व रखता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >