प्रतिनिधि, कोडरमा बाजार उपायुक्त मेघा भारद्वाज के सकारात्मक पहल से जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से कोडरमा जिले को जेईई मेंस में नयी सफलता प्राप्त हुई है. जिले के सरकारी स्कूलों के 10 छात्रों ने जेईई मेंस में सफलता का परचम लहरा कर यह साबित किया है कि यदि इरादे नेक हो, तो सीमित संसाधनों में भी सपनों को उड़ान दिया जा सकता है. उल्लेखनीय है कि उपायुक्त के कुशल निर्देशन में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने संपूर्ण शिक्षा कवच कार्यक्रम शुरू किया था. कार्यक्रम के तहत उच्च शिक्षा ग्रहण करने के सपने संजोए छात्र छात्राओं को उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराया गया. संपूर्ण शिक्षा कवच कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को फिलो संस्था द्वारा प्रतियोगिता परीक्षा की निरंतर तैयारी और मार्गदर्शन दिया गया. परिणामस्वरूप जिले के विभिन्न सरकारी प्लस टू उच्च विद्यालयों के दस छात्रों ने जेईई मेंस में बाजी मारा. जेईई मेंस जैसे उच्च स्तरीय प्रवेश परीक्षा में सफलता अर्जित करने वालों में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र आदित्य प्रकाश ने 99.15 परसेंटाइल प्राप्त किया है. वहीं आरएमएमएम प्लस टू उच्च विद्यालय चंदवारा के राहुल राणा ने 94.56 पर्सेंटाइल ,ओमप्रकाश वर्मा ने 93.2 पर्सेंटाइल, अभिषेक कुमार मोदी ने 86.36 पर्सेंटाइल और बिट्टू कुमार ने 73.92 पर्सेंटाइल, मॉडल स्कूल कोडरमा के प्रीतम पॉल ने 90.04 और जयदीप दास ने 75.04 पर्सेंटाइल, एच एस मसमोहना के अनमोल कुमार ने 87.49, प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय देवीपुर के अंकित कुमार ने 81.65 पर्सेंटाइल, सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय झुमरीतिलैया की कुमकुम कुमारी ने 81.56 पर्सेंटाइल प्राप्त किया है.
जिले के लिए गर्व का क्षण, टीम वर्क से मिली सफलता : उपायुक्त
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सफल छात्र छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह हमारे जिले के लिए गर्व का क्षण है. इन दस छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद भी यदि उचित मार्गदर्शन और समर्थन मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं. यह उपलब्धि न केवल छात्र छात्राओं के मेहनत का परिणाम है, बल्कि संपूर्ण शिक्षा कवच कार्यक्रम के तहत शिक्षकों और जिला प्रशासन द्वारा किये गये सतत प्रयासों की भी पुष्टि करता है. हम आगे भी इसी तरह छात्रों के समग्र सहयोग के लिए प्रयासरत रहेंगे.
सफल छात्र छात्राओं को डीडीसी ने दी बधाई
उप विकास आयुक्त ऋतुराज ने सफल छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस परिणाम से यह साबित करता है कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को यदि बेहतर प्लेटफार्म मिले, तो वो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता अर्जित कर सकते हैं, उनमें प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उचित मार्गदर्शन और सहयोग का है.
क्या है संपूर्ण शिक्षा कवच
सम्पूर्ण शिक्षा कवच उपायुक्त मेघा भारद्वाज का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसके तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों को डिजिटल माध्यम से अध्ययन करने की सुविधा प्रदान किया गया है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर छात्र छात्राओं को गणित, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान और अंग्रेजी विषयों में विशेष ध्यान दिया गया. शिक्षकों व पदाधिकारियों की टीम ने छात्र छात्राओं की प्रगति पर नजर रखी जा रही थी. साथ ही विद्यार्थियों को 24×7 विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता प्रदान किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.