DAV कोडरमा में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कोडरमा के डीएवी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और परेड से देशभक्ति का जज्बा दिखाया.

कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया, कोडरमा में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज की शान, देशभक्ति के नारों और विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ऐसा वातावरण निर्मित किया, जिसमें राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निवर्तमान उपपुलिस अधीक्षक, कोडरमा माधोराम भार्गव तथा विशिष्ट अतिथि संजीवन सिंह परमार और नेशनल ताइक्वांडो प्रशिक्षक अशोक कुमार बर्नवाल उपस्थित रहे. विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह, सुपरवाइजरी हेड मौसुमी मल्लिक, वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत किया.

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माधोराम भार्गव, विशिष्ट अतिथि संजीवन सिंह परमार, सुपरवाइजरी हेड मौसुमी मल्लिक एवं वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ. इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ गीत प्रस्तुत किया. मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. तत्पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रध्वज को नमन किया. राष्ट्रगान के दौरान विद्यालय परिसर में अत्यंत गरिमापूर्ण एवं भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला.

कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने भव्य परेड प्रस्तुत किया

इस अवसर पर कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों एवं विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने भव्य परेड एवं मार्च पास्ट प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी. अनुशासित कदमताल और जोश से भरी परेड ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया. समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे. अनन्या ग्रुप ने समूहगान प्रस्तुत किया. किड्स ग्रुप के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्तों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में सज-धजकर आकर्षक आर्मी परेड प्रस्तुत की और देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की याद ताजा कर दी. अनन्या एवं समूह ने सुंदर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया.

‘नमस्ते इंडिया’ पर भारत की विविध संस्कृति की मनमोहक झलक दिखी

आराध्या ग्रुप ने ‘नमस्ते इंडिया’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर भारत की विविध संस्कृति एवं सभ्यता की मनोहारी झलक दिखाई. अंतरा एवं प्रकृति घोष ने देशभक्ति युगल नृत्य प्रस्तुत किया. आश्विनी एवं अनिरुद्ध ग्रुप ने ‘लाइफ ऑफ आर्मी’ पर मूक अभिनय के माध्यम से विषम मौसम और माइनस डिग्री तापमान में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले भारतीय सैनिकों के साहस, संघर्ष और समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया.

‘मोर सुंदर झारखंड’ गीत पर छात्राओं ने बिखेरा छटा

‘मोर सुंदर झारखंड’ गीत पर साक्षी, रुचिका एवं पूजा ने झारखंडी वेशभूषा में आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर राज्य की लोकसंस्कृति की सुंदर छटा बिखेरी. श्रेष्ठा, सान्वी एवं समृद्धि ने भारतीय सेना की वीरगाथा पर आधारित शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत किया. विद्यालय के ताइक्वांडो प्रशिक्षित विद्यार्थियों ने विषम परिस्थितियों में आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया. अरात्रिका एवं नीलाक्षी ने नाट्य मंचन के माध्यम से दर्शकों में राष्ट्रप्रेम एवं कर्तव्यबोध की भावना जागृत की.

विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

विद्यार्थियों की इन शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को जीवंत कर दिया. देशभक्ति गीतों, नृत्य, मूक अभिनय, नाट्य मंचन, परेड एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को भाव-विभोर कर दिया. मुख्य अतिथि माधोराम भार्गव ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्र कराने के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया. आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे और देश की प्रगति में सक्रिय योगदान दे. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम एवं राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया.

स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराती है

विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराती है. विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के माध्यम से एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए. कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा उज्ज्वल, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ. धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने किया. मंच संचालन मान्या लोहानी एवं आराध्या ने संयुक्त रूप से किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >