मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए उमड़ी भीड़

चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर रविवार को पूरे शहर में भक्ति भाव की अनुपम छटा देखने को मिली़ श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप माता सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की़

झुमरीतिलैया. चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर रविवार को पूरे शहर में भक्ति भाव की अनुपम छटा देखने को मिली़ श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप माता सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की़ इस दौरान शहर के मंदिरों, पूजा पंडालों से लेकर घर-घर में माता के जयकारों की गूंज सुनाई दी़ भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ माता से सुख-समृद्धि और सभी प्रकार की सिद्धियों की प्राप्ति की कामना की़ नवमी तिथि का सबसे पवित्र आयोजन रहा कन्या पूजन धार्मिक मान्यता के अनुसार नौ छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनका विधिवत पूजन किया गया़ श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण धोकर उन्हें तिलक लगाया, फूल-माला पहनाई और पैर छूकर आशीर्वाद लिया़ पूजा के उपरांत उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया गया और उपहार भी भेंट किये गये. घरों से लेकर मंदिरों और पंडालों तक कन्या पूजन का दृश्य देखते ही बना़ इससे पहले शहर के गुमो, ताराटांड़, दुर्गा कॉम्प्लेक्स, मडुआंटांड़, तिलैया बस्ती सहित अन्य पंडालों में माता सिद्धिदात्री की भव्य पूजा हुई़ श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ में आहुतियां दी. हवन के समय विशेष दीप जलाये गये. पूरे दिन मंदिरों और पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही़ मां के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही कतारें लगी रहीं. हर ओर माता के जयकारे गूंजते रहे़ खासकर महिलाओं और बच्चों में पूजा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला़ नवमी तिथि की पूजा-अर्चना के साथ ही चैत्र नवरात्र और वासंती दुर्गा पूजा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गयी. सोमवार को विजयदशमी पर्व मनाया जायेगा़

भगवान श्री राम व बजरंगबली की हुई पूजा अर्चना

इधर, श्रीरामनवमी पर भगवान श्री राम व बजरंगबली की पूजा अर्चना भी हुई़ शहर के स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर, स्टेशन काली मंदिर, चमत्कारी बाबा हनुमान मंदिर, बस स्टैंड हनुमान मंदिर, महाराणा प्रताप चौक हनुमान मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही दर्शन करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी़ रामनवमी को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था़

घर-घर लहराया महावीरी ध्वजा, सुख-शांति की कामना

श्री रामनवमी को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं ने अपने घर की छत पर महावीरी ध्वजा लगाया. उनका कहना था कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर उनके परम भक्त वीर हनुमान की आराधना करना जीवन को सफल बनाता है़ मंदिरों में प्रसाद वितरण किया गया़ छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक राम भक्ति में लीन नजर आये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRAVEEN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >