कोडरमा. गीतांजलि बैंक्विट हॉल में रविवार को सेवादल कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजू सिंह के स्वागत समारोह के साथ कार्यकारिणी की बैठक हुई. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजू सिंह ने की, जबकि संचालन फहीम खान ने किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह थे. विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला सेवादल की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनीशा तिर्की, अनुपम कुजूर और सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह मौजूद थे.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
मुख्य अतिथि नवीन कुमार सिंह ने कहा कि सेवादल कांग्रेस संगठन की रीढ़ है. कार्यकर्ताओं की पहचान अनुशासन, सेवा, संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण से होती है. कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सेवादल के प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सेवादल को और सक्रिय एवं मजबूत बनाकर कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा.
अनीशा तिर्की और अनुपम कुजूर ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने में सेवादल की महत्वपूर्ण भूमिका है. कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए. उन्होंने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजू सिंह को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में जिले में सेवादल के और मजबूत होने की उम्मीद जतायी.
जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने का आह्वान
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने पर जोर दिया गया.
मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता भागीरथ पासवान, जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक, जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष लीलावती मेहता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राम लखन पासवान, पूर्व जिला महासचिव राजनीतिक पासवान, उमेश साहू, विजय सिंह, सरोज मेहता सहित अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का भरोसा
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजू सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे. जिले में सेवादल को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए लगातार काम किया जायेगा.