कोडरमा. बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेटों ने योग, सैन्य प्रशिक्षण और प्राथमिक उपचार के गुर सीखे. कमांडिंग ऑफिसर पारस लिंबू कीर्ति चक्र के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के करीब 600 एनसीसी कैडेट शामिल हो रहे हैं.
शुरुआत एनसीसी गीत और योग सत्र से
दिन की शुरुआत एनसीसी गीत और योग सत्र से हुई. कोडरमा के योग गुरु प्रदीप सुमन और योगाचार्या सुषमा सुमन ने कैडेटों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम समेत विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया. उन्होंने स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए नियमित योग को जरूरी बताया. इस दौरान सूबेदार मेजर जीके चौधरी और ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह ने योग प्रशिक्षकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
राइफल फायरिंग और ड्रिल का अभ्यास
सैन्य प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को राइफल फायरिंग, अलग-अलग फायरिंग पोजीशन, एयर पिस्टल फायरिंग और ड्रिल का अभ्यास कराया गया. फायरिंग का प्रशिक्षण सूबेदार चंपा मुर्मू और ड्रिल का प्रशिक्षण सूबेदार सुमेर सिंह एवं दीपक महतो ने दिया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा: इनर व्हील क्लब ने चलाया जल-स्वच्छता जागरूकता अभियान, बच्चों को दिया 'जल बचाओ, स्वस्थ रहो' का संदेश
सांप और कुत्ते के काटने पर प्राथमिक उपचार की जानकारी
कोडरमा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार ने कैडेटों को सांप और कुत्ते के काटने तथा जलने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने सीपीआर का व्यावहारिक प्रदर्शन कर आपात स्थिति में तत्काल सहायता देने के तरीके भी बताए. ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा ने कैडेटों को हथियारों के रखरखाव और उनके विभिन्न पार्ट्स की जानकारी दी. इसके अलावा कैडेटों को वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कराया गया.
शिविर के सफल संचालन में बटालियन के प्रशिक्षण और प्रशासनिक कर्मचारियों का योगदान
डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे, लेफ्टिनेंट डॉ. विजेंद्र कुशवाहा, लेफ्टिनेंट राधिका और गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा के मार्गदर्शन में हिंदी कविता, सांस्कृतिक नृत्य, संगीत और ड्राइंग प्रतियोगिताओं की तैयारी भी कराई जा रही है. शिविर के प्रशासनिक कार्यों में प्रधान सहायक राजेश कुमार, सहायक रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक दिग्विजय कुमार और एलडीसी सोहित कुमार सिंह सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. शिविर के सफल संचालन में बटालियन के प्रशिक्षण और प्रशासनिक कर्मचारियों का भी योगदान रहा है.
