यात्री सुविधा में बढ़ोतरी को लेकर हुआ मंथन

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने डीआरएम व अन्य अधिकारियों के साथ की बैठक

: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने डीआरएम व अन्य अधिकारियों के साथ की बैठक झुमरीतिलैया . कोडरमा जंक्शन के विकास व यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी सहित अन्य मुद्दों को लेकर एक मई को रेलवे गेस्ट हाउस में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में मुख्य रूप से धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव व अन्य अधिकारी मौजूद थे. बैठक में रेलवे संबंधी विभिन्न जनमुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी. इसमें मुख्य रूप से यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति तथा रेल परिचालन एवं लोगों की सुविधा को लेकर सुगमता एवं सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के उपाय शामिल थे.| इसके अलावा आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) व रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया. बैठक के बाद मंत्री व डीआरएम ने कोडरमा स्टेशन परिसर सहित कोडरमा स्टेशन के निर्माणाधीन नयी बिल्डिंग के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया. बता दें कि कोडरमा जंक्शन का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहा है. इसे लेकर कई कार्य हो रहे हैं. स्टेशन का नया भवन भी लगभग बन चुका है, जिसका उद्घाटन जल्द होने की उम्मीद है. बैठक के संबंध में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई समस्याएं सामने आयी थीं. विशेष रूप से कोडरमा से हजारीबाग रोड तथा कोडरमा से न्यू गिरिडीह रोड के बीच कई स्थानों पर आधारभूत सुविधाओं की कमी और यातायात संबंधी कठिनाइयां देखी गयी हैं. इन समस्याओं के समाधान को लेकर कई जगहों पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर चर्चा की गयी है. इस संबंध में डीआरएम कार्यालय द्वारा कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भी भेजे गये हैं, जिन पर सकारात्मक पहल की उम्मीद है. अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हाल के दिनों में विकास कार्यों की दिशा में प्रगति भी देखने को मिल रही है. नावाडीह स्टेशन को हाई लेवल स्टेशन में परिवर्तित किया जाना सुनिश्चित हो गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. वहीं परसाबाद स्टेशन के विस्तार का कार्य प्रगति पर है. इसके अलावा दसरा हॉल्ट पर प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य भी जारी है. बाइपास से सीधे स्टेशन तक परिवहन सुविधा जोड़ने का सुझाव बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने डीआरएम के समक्ष महत्वपूर्ण सुझाव रखा. खासकर झुमरीतिलैया शहर में बढ़ते ट्रैफिक लोड को देखते हुए रांची-पटना बाइपास रोड से सीधे रेलवे की जमीन होते हुए वाहनों का परिचालन कोडरमा स्टेशन तक किये जाने को लेकर वैकल्पिक मार्ग बनाने का सुझाव मंत्री ने दिया. इस पर डीआरएम ने कहा कि सुझाव के आधार पर सर्वे किया जायेगा. अगर संभावनाएं होंगी, तो इस पर विचार किया जा सकता है. डीआरएम ने रेलखंड का किया विंडो निरीक्षण बैठक के पूर्व डीआरएम अखिलेश मिश्र ने धनबाद-कोडरमा रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया़ निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड पर स्थित विभिन्न स्टेशनों, ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >