कोडरमा. भारत ज्ञान विज्ञान समिति की ओर से शनिवार को एमआर ग्लोबल स्कूल, चाराडीह में शिक्षक दिवस के अवसर पर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में कोडरमा बेरोजगारी सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी की गयी. रिपोर्ट के अनुसार जिले के 82 प्रतिशत युवा रोजगार की तलाश में हैं, जबकि 99 प्रतिशत से अधिक युवाओं ने माना कि समय के साथ बेरोजगारी की स्थिति बदतर होती जा रही है.
बैठक की अध्यक्षता शिल्पी सिंह ने की, जबकि संचालन जिला सचिव अनिल कुमार ने किया. मुख्य अतिथि राज्य नेतृत्वकर्ता असीम सरकार थे. जिला अध्यक्ष राम रतन अवध्या ने बेरोजगारी सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि अगस्त-सितंबर 2025 में समिति के 45 सर्वेयरों ने करीब 3500 युवाओं का सर्वे किया था.
रिपोर्ट के मुताबिक 43 प्रतिशत युवाओं ने अच्छे रोजगार की संभावना को बहुत कम, जबकि 18 प्रतिशत ने इसे नहीं के बराबर बताया. वहीं केवल सात प्रतिशत युवाओं ने अच्छे रोजगार की संभावना बहुत ज्यादा बतायी. सर्वे में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, खराब व्यवस्था तथा संसाधनों की कमी को बेरोजगारी के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया.
सर्वेक्षण में युवाओं ने कृषि, कृषि आधारित उद्योग और कुटीर उद्योगों को रोजगार का बेहतर माध्यम बताया. 88.7 प्रतिशत युवाओं ने स्वरोजगार के लिए पूंजी की उपलब्धता को सबसे जरूरी माना.
मुख्य अतिथि असीम सरकार ने वैज्ञानिक सोच और तर्कशीलता को बढ़ावा देने की जरूरत बतायी. बैठक में वैज्ञानिक एमपी परमेश्वरण को श्रद्धांजलि दी गयी. अंत में सर्वेक्षण में शामिल 45 सर्वेयरों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
समिति ने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए रोजगार आधारित विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग की. मौके पर जयनगर प्रखंड अध्यक्ष बालेश्वर राणा, दिनेश रविदास, सिकंदर रजक, शशि कला, सुरेंद्र यादव सहित समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
