लोगों को समझाती पुलिस. | Prabhat Khabar Network

कोडरमा: झुमरीतिलैया में मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमला, रांची रेफर; आक्रोश में बाइक फूंकी

कोडरमा के असनाबाद में मोबाइल दुकानदार इम्तियाज अहमद पर चाकू से हमला, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, आरोपी गौरव कुमार सिंह गिरफ्तार।

झुमरीतिलैया. तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में रविवार दोपहर मोबाइल दुकानदार इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में इम्तियाज गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया.

मोबाइल खरीदने और पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद

बताया गया कि इम्तियाज अपनी आशियाना नामक मोबाइल दुकान में थे. इसी दौरान मोबाइल खरीदने और फाइनेंस कराने को लेकर पैसे के लेन-देन के मामले में बहस हुई. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद असनाबाद छठ तालाब निवासी गौरव कुमार सिंह चाकू लेकर पहुंचा और इम्तियाज पर हमला कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे एक युवक दुकान से बाहर निकलकर भागने लगा. इसके कुछ देर बाद इम्तियाज भी लहूलुहान हालत में दुकान से बाहर निकले और भाग रहे युवक का पीछा किया. दुकान से कुछ दूरी पर सड़क पर पहुंचते ही वह गिर पड़े. आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला और निजी वाहन से सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल ले जाने के दौरान इम्तियाज ने लोगों को बताया कि गौरव कुमार ने उन पर चाकू से हमला किया है.

दुकान से मिला मोबाइल का डिब्बा और दस्तावेज

घटना की सूचना पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाके में छानबीन की. इस दौरान दुकान के पास एक प्लास्टिक में नया मोबाइल फोन का डिब्बा और उसकी रसीद मिली. रसीद पर असनाबाद छठ तालाब निवासी गौरव कुमार सिंह का नाम दर्ज था.

वहीं, दुकान के काउंटर से गौरव कुमार सिंह के नाम का आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी मिली. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है.

पेट, छाती और सिर पर वार के निशान

घटना के बाद दुकान से लेकर सड़क तक जगह-जगह खून पसरा हुआ था. सदर अस्पताल में घायल इम्तियाज का इलाज करने वाले डॉक्टर के अनुसार, उन पर कई वार किए गये हैं. पेट, छाती, कान के पास और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं.

रांची-पटना रोड पर लगाया जाम, बाइक में लगायी आग

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने करीब डेढ़ बजे रांची-पटना रोड को जाम कर दिया. बताया गया कि भागते समय आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़ गया था. लोगों ने बाइक को सड़क के बीच लाकर उसमें आग लगा दी.

सड़क जाम की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क जाम हटवाया.

तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी युवक दुकान में मोबाइल फाइनेंस कराने पहुंचा था. इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपी चाकू लेकर आया तथा दुकानदार पर हमला कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

विकास कुमार को 17 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव है. प्रभात खबर में वर्ष 2012 से जुड़े हुए हैं. बतौर ब्यूरो प्रमुख कोडरमा में सेवाएं दे रहे हैं. इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म के साथ क्राइम व पॉलिटिक्स की खबरों पर अच्छी पकड़ है. प्रभात खबर से पहले दैनिक जागरण से जुड़े रहे हैं. नयी दिल्ली, नोएडा व पंजाब जैसे शहरों में कार्य कर चुके हैं. इन्हें रिपोर्टिंग के साथ डेस्क पर भी वर्षों काम करने का अनुभव है. कोडरमा से रिपोर्टिंग के दौरान इन्होंने शिक्षक नियुक्ति घोटाला, कल्याण विभाग में घोटाला सहित कई गड़बड़ियों को उजागर किया है. इनकी अवैध खनन को लेकर की गयी बेहतरीन व अलग रिपोर्टिंग के लिए भी इनकी खुले मंच पर प्रशंसा हो चुकी है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >