कोडरमा : झुमरीतिलैया के विशुनपुर रोड निवासी अनन्या प्रकाश ने फिजिकल एजुकेशन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर कोडरमा जिले का नाम रोशन किया है. अनन्या ने कोलिशन आफ एक्सरसाइज प्रोफेशनल्स आफ इंडिया के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आठ अगस्त 2026 को प्रथम स्थान प्राप्त किया. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने लगातार तीसरी बार इस क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परचम लहराया है.
परिवार में खुशी का माहौल
अनन्या प्रकाश की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है. खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाली अनन्या ने अपनी उपलब्धियों के माध्यम से यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं. अनन्या प्रकाश माता कंचन लता और पिता डॉ. कृष्णप्रकाश सुधांशु की पुत्री हैं. उनके पिता पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से अवकाश प्राप्त प्रबंधक हैं. परिवार के सदस्यों ने अनन्या की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि उसकी सफलता निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है.
कराटे में भी कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं अनन्या
फिजिकल एजुकेशन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली अनन्या प्रकाश इससे पहले कराटे में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं. वर्ष 2018 में 10 एवं 11 फरवरी को महाराष्ट्र के मुंबई में आयोजित 23वीं डब्ल्यूएफएसकेओ ओपन एशियन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया था. प्रतियोगिता के दौरान उन्हें व्यक्तिगत काता में ब्लैक बेल्ट (शोडान) तथा प्रमाणपत्र से भी सम्मानित किया गया. इससे पूर्व वर्ष 2017 में पटना में आयोजित ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में अनन्या ने गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. वहीं वर्ष 2015 में कोलकाता में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप शोतोकान कराटे में उन्होंने सिल्वर मेडल प्राप्त किया था. इसके अलावा धनबाद में आयोजित ऑल इंडिया कुशीकान कराटे चैंपियनशिप में भी अनन्या ने सिल्वर मेडल हासिल किया था.
बेटियों के लिए प्रेरणा बनना चाहती हैं अनन्या
अनन्या प्रकाश का कहना है कि उन्हें लड़की होने पर गर्व है. उनका मानना है कि बेटियों को अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं. उन्होंने खेल और शारीरिक शिक्षा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है और निरंतर आगे बढ़ने के लिए अभ्यास एवं अनुशासन को अपनी सफलता का आधार माना है. राष्ट्रीय स्तर पर लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान हासिल करना अनन्या के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि जिले के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं. स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने अनन्या की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
