मरकच्चो : पुलिस ने गुप्त सूचना पर बुधवार को मरकच्चो-बरियारडीह मुख्य मार्ग के बेला करमा चौक के समीप से पीछा कर अवैध कोयला लदा एक महिंद्रा पिकअप वैन को जब्त किया. जानकारी अनुसार मरकच्चो की ओर तेजी से जा रहे पिकअप वैन नंबर जेएच-10एके- 6073 को सूचना के अनुसार पहले से तैनात पुलिस बल ने जब दरदाही के समीप उक्त वाहन को रूकने का इशारा किया, तो पुलिस को देख चालक वाहन को और तेज चलाने लगा.
पुलिस ने पीछा करते हुए उक्त वाहन को बेला करमा चौक के समीप पकड़ा. जब वाहन को चेक किया गया, तो उसमें लगभग 100 बोरी में कोयला भरा हुआ मिला. वाहन पर बैठा एक अन्य व्यक्ति व वाहन चालक वाहन छोड़ भागने में सफल रहें. पुलिस पिकअप वैन को जब्त कर थाने ले आयी है. थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि इसकी सूचना खनन पदाधिकारी को दे दी गयी है.
