आजसू नेता के ठिकानों पर छापा 1409 पेटी नकली शराब बरामद

कोडरमा : पटना एसटीएफ व नवादा जिला पुलिस ने शनिवार देर रात आजसू पार्टी के कोडरमा विधानसभा प्रभारी संजय यादव के विभिन्न ठिकानों पर छापा मारा. तिलैया की विभिन्न जगहों पर हुई छापेमारी में करीब 1409 पेटी नकली अंगरेजी शराब जब्त की गयी. पांच बोरे में रखी देसी शराब की खाली पाउच भी बरामद की […]

कोडरमा : पटना एसटीएफ व नवादा जिला पुलिस ने शनिवार देर रात आजसू पार्टी के कोडरमा विधानसभा प्रभारी संजय यादव के विभिन्न ठिकानों पर छापा मारा. तिलैया की विभिन्न जगहों पर हुई छापेमारी में करीब 1409 पेटी नकली अंगरेजी शराब जब्त की गयी. पांच बोरे में रखी देसी शराब की खाली पाउच भी बरामद की है. इन पर झारखंड उत्पाद देसी शराब लिखा है, साथ ही झारखंड सरकार का लोगो लगा हुआ एक बोरा स्टीकर भी मिला है. छापेमारी के दौरान दो लोगों सेवई सिंह उर्फ विक्की व सुनील यादव को गिरफ्तार किया गया है. पटना एसटीएफ ने दोनों को तिलैया पुलिस के हवाले करदिया है. मामले को लेकर तिलैया थाने में केस दर्ज किया गया है. 13 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है. इनमें संजय यादव के अलावा मनोज यादव, आजाद मोहल्ला निवासी गुड्डू बहादुर, मनोज चिकना, सेवई सिंह, सुनील यादव, गोदाम मालिक चंदन यादव, तीनों वाहनों के चालक व मालिक शामिल हैं.
बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है. बिहार में इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बतायी जा रही है. कोडरमा के शराब माफियाओं की मिली थी जानकारी : जानकारी के अनुसार, बिहार में शराबबंदी के बाद से सीमावर्ती क्षेत्रों से इसकी तस्करी बढ़ गयी है. पिछले माह एसटीएफ पटना की टीम ने बिहार के अलग-अलग जगहों पर पांच ट्रक शराब जब्त की थी. इन पर मेड इन हरियाणा व वोनली सेन इन पंजाब लिखा था. गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में एसटीएफ को पता चला कि कोडरमा के शराब माफिया बिहार में बड़े स्तर पर शराब की खेप भेज रहे हैं.
इसके बाद एसटीएफ की टीम ने नवादा के हेसुआ में दर्ज एक मामले की जांच करते तिलैया पहुंची. एसटीएफ के आइजी कुंदन कृष्णन के निर्देश पर टीम सबसे पहले संजय यादव के नवादा बस्ती स्थित आवास के पास पहुंची. आवास के बाहर एक ट्रक में लोड शराब जब्त की गयी. इसके बाद टीम ने संजय यादव के घर के पिछले हिस्से कोरियाडीह से दो 407 व पिकअप वैन पर लोड शराब बरामद की. कोरियाडीह के एक गोदाम से करीब चार सौ पेटी शराब जब्त की. इन जगहों से शराब के खाली पाउच व स्टीकर भी बरामद हुए. टीम ने बंगाली मोहल्ला के एक घर में छापामारी कर दो लोगों बजरंग नगर निवासी सेवई सिंह उर्फ विक्की (मूल निवासी राजस्थान) व नवादा बस्ती निवासी सुनील यादव को गिरफ्तार किया.
नकली शराब फैक्टरी के संचालन में आ चुका है नाम
आजसू नेता संजय यादव का नाम नकली शराब फैक्टरी के संचालन में आ चुका है. 29 अगस्त 2016 में कोडरमा के डीसी संजीव कुमार बेसरा के निर्देश पर डोमचांच के ढोढाकोला में शराब फैक्टरी का खुलासा था. भारी मात्रा में नकली शराब, खाली रैपर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया था. उत्पाद विभाग की ओर से दर्ज मामले में गिरफ्तार युवक व अन्य का नाम था. पर अनुसंधान के बाद अदालत में दी गयी रिपोर्ट में संजय यादव का नाम उक्त फैक्टरी के संचालकर्ता के रूप में जोड़ा गया है.
एके-47 व लाखों नकदी की सूचना, पर आवास में नहीं जा सकी टीम
एसटीएफ की टीम ने विभिन्न जगहों पर करीब छह घंटे तक छापामारी अभियान चलाया. शनिवार रात आठ बजे से शुरू हुई छापामारी रात दो बजे तक चली. बताया जाता है कि एसटीएफ की टीम संजय यादव के आवास पर जांच के लिए जाना चाह रही थी, पर कोडरमा के पुलिस पदाधिकारियों ने सर्च वारंट की मांग कर दी. इस कारण एसटीएफ की टीम आवास के अंदर नहीं जा सकी. एसटीएफ के एक पदाधिकारी ने बताया कि आवास में एके-47 के अलावा अत्याधुनिक हथियार व लाखों रुपये नकदी होने की पुख्ता सूचना थी, पर स्थानीय पुलिस का सहयोग नहीं मिला.बिहार पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं. बताया जाता है कि राजनीतिक कारणों से स्थानीय पुलिस चुप थी.
डायरी मिली, हरियाणा-पंजाब के कई लोगों के नंबर दर्ज : छापे में एक डायरी भी बरामद की गयी है, जिसमें हिसाब-किताब लिखा है. डायरी में हरियाणा व पंजाब के कुछ लोगों के मोबाइल नंबर भी लिखे हैं.
झूठा है पूरा आरोप : संजय यादव
आरोपों में घिरे आजसू नेता संजय यादव ने प्रभात खबर को फोन कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा है. संजय के अनुसार, उन पर लगे सभी आरोप झूठे हैं. आरोप लगाने से नहीं होता, इसे साबित कर दिखायें. उन्होंने कहा कि जहां तक बात एके 47 व लाखों रुपये मेरे आवास में होने का आरोप है, तो एसटीएफ की टीम सर्च वारंट लेकर आये और घर की जांच कर ले. ऐसा कुछ भी नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >