24 पेटी शराब के साथ दो गिरफ्तार

लग्जरी वाहन में लोड कर रांची से पटना ले जायी जा रही थी शराब सिर्फ पारा मिलिट्री फोर्स को सप्लाई होने वाली शराब भी शामिल कोडरमा बाजार : बिहार की रजौली व झारखंड के कोडरमा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को भारी मात्रा में अंगरेजी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया […]

लग्जरी वाहन में लोड कर रांची से पटना ले जायी जा रही थी शराब
सिर्फ पारा मिलिट्री फोर्स को सप्लाई होने वाली शराब भी शामिल
कोडरमा बाजार : बिहार की रजौली व झारखंड के कोडरमा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को भारी मात्रा में अंगरेजी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय रवि कुमार (पिता- रामनाथ प्रसाद, निवासी धुर्वा सेक्टर चार, रांची) व 18 वर्षीय सुमित कुमार (पिता- राजेंद्र सिंह, निवासी जगन्ननाथपुर, रांची) शामिल हैं. दोनों महिंद्रा ट्यूवी लग्जरी वाहन नंबर एच-01बीवाई-3225) में शराब लोड कर बिहार ले जाया जा रहा था. इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को 24 पेटी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. वाहन पर लोड कर शराब को रांची से पटना ले जाया जा रहा था.
इस दौरान रजौली पुलिस को गुप्त सूचना मिली और झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाके दिबौर में चौकसी बढ़ा दी गयी. बॉर्डर पर जैसे ही उक्त वाहन ने पास किया रजौली पुलिस ने वाहन को पकड़ने का प्रयास किया, पर वाहन चालक गाड़ी को वापस लेकर फरार होने लगा. रजौली पुलिस ने शीघ्र कोडरमा थाना प्रभारी आनंद मोहन सिंह से संपर्क किया. इसके बाद कोडरमा थाना पुलिस ने रजौली पुलिस की मदद से वाहन को जब्त कर लिया. मौके पर से ही चालक रवि कुमार व उसके सहयोगी सुमित कुमार को धर दबोचा गया. बरामद शराब में 375 एमएल की ब्लैक रॉक पांच कार्टून, ब्लू रॉक 180 एमएल सात कार्टून, ब्लैक रॉक 750 एमएल 12 कार्टून है. 12 पेटी बरामद ब्लैक रॉक शराब सिर्फ पारा मिलिट्री फोर्स को सप्लाई होने वाली है.
इसके रैपर पर यह स्पष्ट लिखा हुआ है. इसके बावजूद एक साथ इतनी मात्रा में इस शराब के बरामद होने से कई सवाल उठे हैं. पुलिस की पूछताछ में शराब के साथ गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि उन्हें यह जानकारी नहीं दी गयी थी कि गाड़ी में शराब लोड है. रवि के अनुसार एक अन्य वाहन चालक उदय ने उसे यह कहा कि एक सामान पटना लेकर जाना है. इसके बाद वह गाड़ी लेकर पिस्का मोड़ आ गया. उक्त गाड़ी ओझा जी की है, जो पेशे से वकील हैं. वाहन पर उदय के साथ आये लोगों ने ही कुछ सामान लोड किया और पटना ले जाने के लिए कहा. उसे इससे अधिक कुछ जानकारीनहीं है.
रजौली पुलिस को सौंप दिया गया मामला
बरामद शराब के पूरे मामले को रजौली पुलिस को सौंप दिया गया. गुरुवार को वाहन पकड़े जाने के बाद रजौली थाना के सब इंस्पेक्टर नवरत्न प्रसाद, एएसआइ चंद्रशेखर आजाद कोडरमा थाना पहुंचे और इस संबंध में कार्रवाई पूरी की. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद सीमावर्ती इलाकों से शराब की तस्करी बड़े पैमाने पर हो रही है. आये दिन शराब की बरामदगी हो रही है. सभी मामलों में सरगना व इसका धंधा करने वाले लोग बच कर निकल जा रहे हैं.
कक्षा नौ का छात्र है गिरफ्तार सुमित
कोडरमा थाना में पूछे जाने पर गिरफ्तार सुमित कुमार ने अपनी उम्र मात्र 15 वर्ष बतायी. साथ ही बताया की वह योगदा स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है. बुधवार को रवि ने उसे साथ चलने के लिए कहा. उसे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >